डीडीसी ने निर्मली में विकास योजनाओं का किया औचक निरीक्षण, गुणवत्ता और समयबद्धता पर दिया जोर

डीडीसी ने निर्मली में विकास योजनाओं का किया औचक निरीक्षण, गु
डीडीसी ने निर्मली में विकास योजनाओं का किया औचक निरीक्षण- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : जिले के निर्मली प्रखंड में विकास योजनाओं की जमीनी हकीकत जानने के लिए उप विकास आयुक्त (DDC) इंद्रवीर कुमार ने बुधवार को विभिन्न पंचायतों का औचक भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने 'विकसित भारत जी राम जी' योजना, 'कायाकल्प अभियान' और अन्य प्रमुख विकासात्मक योजनाओं के क्रियान्वयन का स्थल निरीक्षण किया और कार्यों की प्रगति की बारीकी से समीक्षा की।


कमलपुर पंचायत में 'विकसित भारत जी राम जी' योजना के कार्यों की प्रगति परखी

निरीक्षण के क्रम में डीडीसी ने कमलपुर पंचायत पहुंचकर 'विकसित भारत जी राम जी' योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कार्यस्थल पर मौजूद श्रमिकों से सीधे संवाद कर उन्हें मिल रही सुविधाओं, काम की उपलब्धता और मजदूरी के समय पर भुगतान के बारे में जानकारी ली। इसके साथ ही उन्होंने योजना पंजी, मस्टर रोल और ऑनलाइन उपस्थिति जैसे अभिलेखों का सूक्ष्म अवलोकन कर पारदर्शिता की स्थिति परखी। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि इस योजना के धरातल पर उतरने से आवागमन और क्षेत्र के विकास में काफी सुविधा मिलेगी।


कायाकल्प अभियान के तहत स्कूलों में चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण

भ्रमण के अगले चरण में उप विकास आयुक्त ने 'कायाकल्प अभियान' के तहत विद्यालयों में कराए जा रहे विकास कार्यों का जायजा लिया। इसमें मुख्य रूप से स्कूल किचन शेड, चहारदीवारी (बाउंड्री वॉल) और अन्य बुनियादी ढांचों का निर्माण कार्य शामिल था। उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता की जांच करते हुए संबंधित अधिकारियों और एजेंसियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर और उच्च कोटि की गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।


पारदर्शिता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश

डीडीसी इंद्रवीर कुमार ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सरकार की विकास योजनाओं का मूल उद्देश्य आम जनता को बेहतर और सुगम सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसलिए योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान उनके साथ निदेशक (एनईपी) अनित कुमार, कार्यक्रम पदाधिकारी, संबंधित पंचायतों के मुखिया सहित कई अन्य जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।


विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट