पत्नी के मायके जाने और पुलिस की पिटाई से क्षुब्ध युवक ने की आत्महत्या, इकलौते बेटे की मौत से कोहराम

वैशाली के उफरौल में पत्नी से विवाद और पुलिस की पिटाई से आहत 28 वर्षीय प्रीतेश ने फांसी लगाकर जान दे दी। परिजनों ने ससुराल वालों और पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

पत्नी के मायके जाने और पुलिस की पिटाई से क्षुब्ध युवक ने की

Vaishali - वैशाली जिले के देसरी थाना क्षेत्र के उफरौल गांव में 28 वर्षीय प्रीतेश कुमार ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान रामदयाल सिंह के पुत्र के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार, प्रीतेश ने यह कदम अपनी पत्नी के मायके चले जाने और ससुराल वालों के कहने पर पुलिस द्वारा पिटाई किए जाने के बाद उठाया। बताया जा रहा है कि   रविवार  को पत्नी ने घर पर पुलिस को बुलाया था, जिसके बाद पुलिस ने प्रीतेश की पिटाई की थी। इसी घटना के बाद रात में उसने फांसी लगा ली।

प्रीतेश की शादी लगभग तीन साल पहले कटिहार जिले में हुई थी। उनकी एक साल की मासूम बेटी भी है। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष से उनका विवाद चल रहा था। पत्नी ने अपने पिता, भाई और अन्य लोगों को बुलवाकर देसरी पुलिस से अपने पति को पिटवाया था। इसके बाद वह बेटी को लेकर अपने मायके कटिहार चली गई थी।

बताया जा रहा है कि मृतक की पत्नी ससुराल में नहीं रहना चाहती थीं और पति को अपने साथ मायके में रहने के लिए कह रही थीं, जो प्रीतेश को पसंद नहीं था। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि प्रीतेश की जमीन-जायदाद पर ससुराल वालों की बुरी नीयत थी।

मृतक के 65 वर्षीय पिता रामदयाल सिंह ने बताया कि उनकी बहू का व्यवहार ठीक नहीं था। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी समधन ने ही अपनी बेटी के व्यवहार को बिगाड़ा था। उन्होंने कहा कि बहू ने अपने भाई और पिता को बुलवाकर देसरी पुलिस से उनके बेटे को पिटवाया और पोती को लेकर मायके चली गई, जिसके बाद प्रीतेश ने यह कदम उठाया। प्रीतेश छह बहनों में इकलौता भाई था।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। मृतक के पिता अपने बेटे के शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए पहुंचे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Report - Rishav kumar