डीएम ने ओबीसी कन्या आवासीय विद्यालय का किया निरीक्षण : छात्राओं से किया सीधा संवाद, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
सुपौल डीएम ने OBC कन्या आवासीय +2 उच्च विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं से सीधा संवाद कर उनकी पढ़ाई, उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा समस्याओं की जानकारी ली....
Supaul : जिलाधिकारी सावन कुमार ने बुधवार को पिपरा प्रखंड के रामनगर स्थित अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) कन्या आवासीय +2 उच्च विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम स्वयं कक्षाओं में पहुँचे और छात्राओं से सीधा संवाद कर उनकी पढ़ाई, उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षण सुनिश्चित करने और छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराने के कड़े निर्देश दिए।
डिजिटल क्लास के नियमित व प्रभावी संचालन के सख्त निर्देश
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय में संचालित डिजिटल क्लास की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को डिजिटल क्लास का नियमित और प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया, ताकि छात्राओं को आधुनिक तकनीक पर आधारित शिक्षा का समुचित लाभ मिल सके और उनकी डिजिटल साक्षरता में सुधार हो।
गुणवत्तापूर्ण भोजन और स्वच्छता के लिए जीविका को निर्देश
छात्राओं को दिए जा रहे भोजन की व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी ने आपूर्ति एजेंसी 'जीविका' को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने निर्देश दिया कि निर्धारित समय-सारणी के अनुसार समय पर पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए। इसके अलावा, विद्यालय परिसर और छात्रावास में नियमित साफ-सफाई व स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष बल दिया।
छात्राओं के लिए सुरक्षित और स्वच्छ माहौल सुनिश्चित करने पर जोर
जिलाधिकारी ने विद्यालय प्रशासन और संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्धारित मानकों के अनुरूप छात्राओं को सभी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि छात्राओं के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण तैयार करने में किसी भी स्तर पर लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान मौजूद रहे वरिष्ठ अधिकारी
इस निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी (पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण), विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं जिला प्रशासन के अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
विनय कुमार मिश्रा की रिपोर्ट