शॉर्ट सर्किट से भीषण अगलगी में 4 घर जलकर राख : लाखों की संपत्ति का नुकसान, 1 व्यक्ति झुलसा 3 मवेशियों की जलकर मौत
Supaul : जिले के पिपरा थाना क्षेत्र अंतर्गत निर्मली पंचायत के बेला नगर वार्ड संख्या 3 में बीते मंगलवार की देर रात बिजली के शॉर्ट सर्किट से अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की तेज लपटों ने विकराल रूप धारण कर लिया और चार अलग-अलग परिवारों के घरों को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में पिंटू मंडल, मंटू मंडल, बिंदेश्वरी मंडल और हरेराम शर्मा के घरों में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया।
एक व्यक्ति झुलसा, 3 मवेशियों की जलकर मौत
हादसे में गृहस्वामी पिंटू मंडल अपने घर में बंधे बछड़े को सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास में आग की चपेट में आकर झुलस गए। वहीं, अगलगी में एक बकरी और दो बकरी के बच्चों (मेमनों) की जलकर मौत हो गई। इसके अलावा दर्जनों हरे-भरे पेड़ भी आग की भयावह लपटों में झुलस गए।
लाखों रुपये नकद, अनाज व दस्तावेज स्वाहा
अगलगी की इस त्रासदी में पीड़ित परिवारों को भारी आर्थिक क्षति हुई है:
- पिंटू मंडल: ₹20,000 नकद, बर्तन, फर्नीचर, अनाज और आवश्यक दस्तावेज जल गए।
- मंटू मंडल: ₹20,000 नकद, 2 क्विंटल गेहूं, बक्सा, कपड़े और जमीन के कागजात नष्ट हो गए।
- बिंदेश्वरी मंडल: पाट (पटुवा) बिक्री के रखे ₹30,000 नकद, 5 क्विंटल गेहूं, 1 क्विंटल चावल और घरेलू सामान स्वाहा हो गए।
- हरेराम शर्मा: 2 क्विंटल पाट, मवेशियों का भूसा, कपड़े और फर्नीचर जलकर राख हो गए।
फायर ब्रिगेड पर लापरवाही का आरोप, ग्रामीणों ने पाया काबू
पीड़ित परिवारों ने आरोप लगाया कि घटना के तुरंत बाद अग्निशमन दल (फायर ब्रिगेड) को सूचना दी गई थी, लेकिन टीम समय पर मौके पर नहीं पहुँची। इसके बाद स्थानीय ग्रामीणों ने ही भारी मशक्कत कर आग पर काबू पाया और अन्य पड़ोसी मकानों को जलने से बचाया।
अंचलाधिकारी ने दिए जांच के आदेश
घटना की सूचना पिपरा की अंचलाधिकारी (CO) आकांक्षा कुमारी और थाना अध्यक्ष किशोर कुमार को दी गई है। सीओ आकांक्षा कुमारी ने बताया कि घटनास्थल पर जांच के लिए राजस्व कर्मचारी को भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट और पीड़ितों से आवेदन मिलने के बाद सरकारी नियमानुसार उचित मुआवजा और राहत राशि उपलब्ध कराई जाएगी।
विनय कुमार मिश्रा की रिपोर्ट