सुपौल में जिला स्तरीय वार्षिक विद्यालय खेल प्रतियोगिता का भव्य आगाज, डीएम सावन कुमार ने किया उद्घाटन
सुपौल में जिला स्तरीय वार्षिक विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026 का बुधवार को उत्साहपूर्ण माहौल में औपचारिक शुभारंभ हुआ। जिलाधिकारी सावन कुमार ने दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया....
Supaul : जिले में जिला स्तरीय वार्षिक विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026 का बुधवार को उत्साहपूर्ण माहौल में औपचारिक शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का आगाज समाहरणालय परिसर से निकाली गई भव्य मशाल यात्रा के साथ किया गया। स्काउट एंड गाइड के बैंड की सुमधुर धुन के बीच निकली यह मशाल यात्रा समाहरणालय से शुरू होकर डिग्री कॉलेज होते हुए बीएसएस (BSS) कॉलेज परिसर पहुंची, जहां जिलाधिकारी सावन कुमार ने दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया।
खेलों से होता है विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास: जिलाधिकारी
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी सावन कुमार ने कहा कि खेलकूद विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का अत्यंत महत्वपूर्ण माध्यम है। पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में सहभागिता करने से बच्चों में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास का संचार होता है। उन्होंने कहा कि विद्यालय स्तर की ऐसी प्रतियोगिताएं ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को तराशने और उन्हें राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती हैं।
तीन प्रमुख स्थलों पर अंडर-14, 17 और 19 आयु वर्ग के होंगे मुकाबले
जिला खेल पदाधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि इस वार्षिक प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के बालक-बालिका खिलाड़ी अपनी-अपनी खेल विधाओं में प्रतिस्पर्धा करेंगे। खेलों के सुचारु आयोजन के लिए बीएसएस कॉलेज सुपौल, नया पुलिस लाइन मैदान तथा मल्टीपर्पस इंडोर हॉल को केंद्र बनाया गया है, जहाँ विभिन्न विधाओं की खेल स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी।
30 सितंबर से 3 अक्टूबर तक आयोजित होंगी विभिन्न खेल स्पर्धाएं
प्रतियोगिता के तय कार्यक्रम के अनुसार 30 सितंबर को एथलेटिक्स, फुटबॉल, कराटे और वॉलीबॉल के मुकाबले हुए। 1 अक्टूबर को खो-खो, कबड्डी, क्रिकेट, शतरंज, जूडो, बैडमिंटन और योग की स्पर्धाएं आयोजित होंगी। 2 अक्टूबर को खो-खो, कबड्डी, तीरंदाजी व शतरंज के मैच खेले जाएंगे, जबकि 3 अक्टूबर को अंतिम दिन कुश्ती, साइकिलिंग, सेपक टकरॉ, टेबल टेनिस और तलवारबाजी (फेन्सिंग) जैसे खेलों का आयोजन किया जाएगा।
वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में खिलाड़ियों में दिखा भारी उत्साह
कार्यक्रम के दौरान वरीय उप समाहर्ता विकास कुमार कर्ण, विशेष कार्य पदाधिकारी (गोपनीय शाखा) संजय कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी संजय कुमार, डीपीएम जीविका दीपक कुमार सहित जिला प्रशासन और खेल विभाग के कई अधिकारी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता को लेकर प्रतिभागी छात्र-छात्राओं, खेल प्रशिक्षकों और शिक्षकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
विनय कुमार मिश्रा की रिपोर्ट