सुपौल में राज्यस्तरीय अंतर प्रमंडल विद्यालय बालिका खेल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ: अंडर-14, 17 और 19 वर्ग की 297 खिलाड़ी दिखाएंगी दमखम

सुपौल टाउन हॉल में राज्यस्तरीय अंतर प्रमंडल विद्यालय बालिका खेल प्रतियोगिता 2026-27 का भव्य शुभारंभ हुआ। 19 से 21 नवंबर तक चलने वाले तीन दिवसीय आयोजन में कुल 321 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं ....

सुपौल में राज्यस्तरीय अंतर प्रमंडल विद्यालय बालिका खेल प्रति
सुपौल में राज्यस्तरीय अंतर प्रमंडल विद्यालय बालिका खेल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : जिले में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और बालिका खिलाड़ियों को राज्यस्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान करने के उद्देश्य से गुरुवार को सुपौल टाउन हॉल में राज्यस्तरीय अंतर प्रमंडल विद्यालय बालिका खेल प्रतियोगिता 2026-27 का भव्य शुभारंभ हुआ। जिलाधिकारी सावन कुमार ने दीप प्रज्वलित कर तीन दिवसीय प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया। इस आयोजन में बिहार के विभिन्न प्रमंडलों से पहुंची अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग की बालिका खिलाड़ी अपनी खेल क्षमता का प्रदर्शन करेंगी। इस प्रतियोगिता में कुल 321 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें 297 बालिका खिलाड़ी, नौ दल प्रभारी और 15 तकनीकी पदाधिकारी शामिल हैं।


प्रतिभा को निखारने के लिए मंच और प्रोत्साहन जरूरी: जिलाधिकारी सावन कुमार

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी सावन कुमार ने कहा कि खेल के क्षेत्र में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, बस खिलाड़ियों को सही मंच, संसाधन और प्रोत्साहन देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली चयनित खिलाड़ियों को आगे राज्य एवं अन्य स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने का मौका मिलेगा। खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए डीएम ने कहा कि हार-जीत खेल का एक हिस्सा है, लेकिन अनुशासन, मेहनत, समर्पण और खेल भावना ही एक अच्छे खिलाड़ी की सच्ची पहचान होती है।


आवासन, भोजन और प्रतियोगिता के सुचारु संचालन के लिए प्रशासनिक इंतजाम

विभिन्न प्रमंडलों से आई खिलाड़ियों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा आवासन और गुणवत्तापूर्ण भोजन की समुचित व्यवस्था की गई है। प्रतियोगिता को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए दल प्रभारियों और तकनीकी पदाधिकारियों की जिम्मेदारियां भी तय कर दी गई हैं। उद्घाटन के मौके पर उप विकास आयुक्त हरिहर प्रसाद, अपर समाहर्ता सच्चिदानंद सुमन, वरीय उप समाहर्ता पुष्पा कुमारी, वरीय उप समाहर्ता अंजू कुमारी, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी तथा जिला कला, संस्कृति एवं युवा पदाधिकारी तारकेश्वर प्रसाद समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।


तीन दिनों तक चलेगा मुकाबला, बालिकाओं में बढ़ेगा खेल के प्रति आत्मविश्वास

19, 20 और 21 नवंबर तक चलने वाली इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में तीनों आयु वर्गों की खिलाड़ी अपनी मेहनत और कौशल का प्रदर्शन करेंगी। सुपौल में इस राज्यस्तरीय आयोजन को जिले के खेल जगत के लिए एक अहम उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे न केवल स्थानीय स्तर पर खेलों को प्रोत्साहन मिलेगा बल्कि बालिकाओं में खेल के प्रति रुचि और आत्मविश्वास को भी नई मजबूती मिलेगी।


विनय की रिपोर्ट