एसएसबी की बड़ी कार्रवाई: वीरपुर बॉर्डर पर जम्मू-कश्मीर पुलिस का वांछित अभियुक्त गिरफ्तार, 15 वर्षीय नेपाली बालिका रेस्क्यू

सुपौल जिले के वीरपुर में भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा में तैनात 45वीं वाहिनी SSB ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। जवानों जम्मू-कश्मीर पुलिस के एक वांछित फरार अभियुक्त को धर दबोचा है.....

एसएसबी की बड़ी कार्रवाई: वीरपुर बॉर्डर पर जम्मू-कश्मीर पुलिस
एसएसबी की बड़ी कार्रवाई- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा में तैनात 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB) वीरपुर के जवानों ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। जवानों ने जम्मू-कश्मीर पुलिस के एक वांछित फरार अभियुक्त को धर दबोचा है। उसके साथ भारत में अवैध रूप से प्रवेश कर रही 15 वर्षीय एक नेपाली नाबालिग बालिका को भी पूरी तरह सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में यह पूरा मामला बाल विवाह और संभावित मानव तस्करी जैसे गंभीर कानूनी पहलुओं से जुड़ा हुआ पाया गया है।


बटमालू थाना, श्रीनगर में दर्ज मामले में वांछित था आरोपी

पकड़े गए आरोपी की पहचान 34 वर्षीय मुजफ्फर अहमद बेग, निवासी जिला बारामूला (जम्मू-कश्मीर) के रूप में हुई है। वह श्रीनगर के थाना बटमालू में दर्ज प्राथमिकी संख्या 133/2026 में मुख्य वांछित अभियुक्त था। उसके भारत-नेपाल सीमा के रास्ते भागने या आवागमन करने की आशंका के चलते जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा उसकी तस्वीर और पहचान संबंधी सभी जानकारियां 45वीं वाहिनी के विभिन्न चेक पोस्टों पर पहले ही साझा कर दी गई थीं।


भीमनगर चेक पोस्ट पर नियमित जांच के दौरान खुला राज

बीती 8 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 3:40 बजे भीमनगर चेक पोस्ट पर रूटीन जांच और डाटा एंट्री के दौरान नेपाल की ओर से भारत आ रहे एक व्यक्ति और उसके साथ मौजूद नाबालिग लड़की पर जवानों की नजर पड़ी। गहन जांच के दौरान जब उस व्यक्ति का मिलान जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा भेजे गए वांछित हुलिए से किया गया, तो उसकी पूरी जानकारी सटीक बैठ गई। चेक पोस्ट कमांडर एएसआई केदार चौहान ने तुरंत मुस्तैदी दिखाते हुए दोनों को रोक लिया और समवाय प्रभारी सहायक कमांडेंट राहुल कुमार तथा 'सर्वो प्रयास संस्था' के प्रतिनिधि संजीव कुमार मेहता को इसकी सूचना दी।


बाल विवाह और मानव तस्करी के एंगल से हो रही है जांच

संयुक्त टीम की पूछताछ में आरोपी मुजफ्फर अहमद बेग ने स्वीकार किया कि उसने गत 27 अक्टूबर को नेपाल के सप्तरी जिले की रहने वाली इस 15 वर्षीय नाबालिग से शादी की थी और 8 नवंबर को उसे लेकर भारत में प्रवेश कर रहा था। लड़की की उम्र कम होने की बात सामने आने पर मानव तस्करी रोधी इकाई (AHTU) की महिला कर्मियों की देखरेख में उसे सुरक्षित संरक्षण में ले लिया गया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक पहचान पत्र और 10,500 नेपाली रुपये बरामद हुए, जबकि बालिका के जन्म प्रमाण पत्र से उसकी उम्र 15 वर्ष होने की पुष्टि हुई।


भीमनगर थाना पुलिस को सौंपा गया मामला, आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए सहायक कमांडेंट राहुल कुमार ने तुरंत थाना बटमालू, जम्मू-कश्मीर के एसएचओ से संपर्क साधकर पूरी जानकारी साझा की। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी, रेस्क्यू की गई नाबालिग और बरामद दस्तावेजों/सामग्री को अग्रिम कार्रवाई के लिए भीमनगर थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। एसएसबी के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सीमा क्षेत्र में देशविरोधी और अवैध गतिविधियों तथा मानव तस्करी पर लगाम कसने के लिए जवान पूरी तरह मुस्तैद हैं।


विनय कुमार मिश्रा की रिपोर्ट