अनियंत्रित होकर पेड़ और सीमांकन पिलर से टकराई बाइक, एक की मौके पर मौत

सुपौल जिले मे रफ्तार के कहर ने एक युवक की जान ले ली। वहीं दूसरा गंभीर रुप से घायल है जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है.....

अनियंत्रित होकर पेड़ और सीमांकन पिलर से टकराई बाइक, एक की मौ
सड़क दुर्घटना में युवक की मौत- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : जिले के जदिया थाना क्षेत्र अंतर्गत परसागढ़ी उत्तर पंचायत स्थित बिरंची कामत हाट के पास शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। पूरब दिशा की ओर तेज रफ्तार में जा रही एक अनियंत्रित मोटरसाइकिल सड़क किनारे लगे पेड़ से टकराने के बाद सीमांकन के लिए गड़े पिलर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक बाइक सवार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।


घायल युवक त्रिवेणीगंज अस्पताल में भर्ती 

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायल युवक को अनुमंडलीय अस्पताल त्रिवेणीगंज ले जाया गया, जहाँ उसका इलाज चल रहा है। घायल की पहचान बघेली पंचायत के वार्ड-5 निवासी रूपेश कुमार के रूप में हुई है। चिकित्सकों के अनुसार घायल की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।


ससुराल क्षेत्र में रह रहे अररिया के युवक की गई जान 

मृतक की पहचान अररिया जिले के सिमराहा थाना क्षेत्र के टेरही मुसहरी निवासी भुट्टो ऋषिदेव के रूप में की गई है। उनकी शादी बघेली पंचायत में हुई थी और पत्नी के निधन के बाद भी वे अपने ससुराल क्षेत्र में ही रह रहे थे। उन्होंने स्थानीय पते पर अपना पहचान पत्र भी बनवा लिया था। घायल रूपेश कुमार रिश्ते में उनका साला लगता है।


रिश्तेदारी में जाते समय हुआ हादसापरिजनों में मचा कोहराम 

बताया गया कि शुक्रवार सुबह भुट्टो ऋषिदेव अपने साले के साथ किसी रिश्तेदार के यहाँ जाने की बात कहकर घर से निकले थे। घर से निकलने के कुछ ही समय बाद सड़क हादसे और मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और इलाके में शोक का माहौल व्याप्त है।


पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजाजाँच शुरू 

घटना की सूचना मिलते ही जदिया थाना के सहायक अवर निरीक्षक अमित कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की गहराई से जाँच की जा रही है।

विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट