22 नवंबर से शुरू होगा अनुराष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान, शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने पर जोर

सुपौल जिले में 22 नवंबर से अनुराष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत होगी। अभियान की सफलता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से डीएम ने टास्क फोर्स की बैठक कर सख्त निर्देश दिए.....

22 नवंबर से शुरू होगा अनुराष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान, शत-प्
22 नवंबर से शुरू होगा अनुराष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : जिले में आगामी 22 नवंबर से शुरू होने वाले अनुराष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों को अंतिम रूप देने और उसकी सफलता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स की एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान डीएम ने अब तक की तैयारियों की गहन समीक्षा की और स्पष्ट निर्देश दिया कि अभियान के तहत शून्य से पांच वर्ष तक का एक भी बच्चा पोलियो की दो बूंद खुराक पीने से वंचित नहीं रहना चाहिए।


स्वास्थ्य विभाग के तमाम अधिकारी रहे मौजूद, शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने पर जोर

इस महत्वपूर्ण बैठक में सिविल सर्जन, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी, डीपीएम, डीएमएंडईओ, जिला सामुदायिक उत्प्रेरक, जिला स्वास्थ्य समिति के प्रतिनिधि और जिले के सभी प्रखंडों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने सभी संबंधित स्वास्थ्य अधिकारियों और मैदानी कर्मियों को पूरी जिम्मेदारी, तत्परता और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया, ताकि अभियान के निर्धारित लक्ष्यों को शत-प्रतिशत पूरा किया जा सके।


तटबंध के भीतर के इलाकों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश, हर बच्चे तक पहुंचेगी स्वास्थ्य टीम

जिलाधिकारी ने विशेष रूप से कोसी तटबंध के भीतर बसे दूर-दराज और दुर्गम क्षेत्रों पर विशेष ध्यान केंद्रित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इन इलाकों में भौगोलिक स्थिति को देखते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि टीकाकरण दल हर हाल में हर घर तक पहुँचे, ताकि वहाँ के स्थानीय परिवारों के नौनिहालों को भी समय पर पोलियो की खुराक पिलाई जा सके और कोई भी बच्चा इस अभियान से अछूता न रहे।


नियमित मॉनिटरिंग और डेटा अपडेट के दिए गए निर्देश, लापरवाही बरतने वालों पर होगी कार्रवाई

डीएम सावन कुमार ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे इस पूरे अभियान की प्रतिदिन नियमित रूप से मॉनिटरिंग करें। घर-घर जाकर बच्चों को ड्रॉप पिलाने वाले स्वास्थ्य कर्मियों और सुपरवाइजरों के कार्यों की लगातार समीक्षा की जाए। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि पल्स पोलियो जैसे राष्ट्रीय महत्व के स्वास्थ्य कार्यक्रम में किसी भी प्रकार की कोताही या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


अभियान को सफल बनाने के लिए जन-जागरूकता पर भी रहेगा जोर

प्रशासन की ओर से इस बात पर भी जोर दिया गया है कि अभियान के सफल संचालन के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक अभिभावक अपने बच्चों को बूथ पर लाएं या घर आने वाली टीमों को सहयोग करें। इस बैठक के बाद सुपौल जिले के स्वास्थ्य महकमे में पल्स पोलियो अभियान को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है और सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर आवश्यक टीकों व लॉजिस्टिक्स की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।


विनय कुमार मिश्रा की रिपोर्ट