मेहंदी लगे हाथों में थमा दी मौत: रहटा की बेटी के घर पहुँचे पप्पू यादव का फूटा गुस्सा, कहा- मुझे मारने का न्योता दे रहे DGP और गृह मंत्री

सुपौल के रहटा गाँव में हुई 18 वर्षीय बेटी की निर्मम हत्या और बिहार की चरमराती कानून-व्यवस्था को लेकर सांसद पप्पू यादव ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पीड़ित परिवार के आंसू देख पप्पू यादव का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुँच गया।

मेहंदी लगे हाथों में थमा दी मौत: रहटा की बेटी के घर पहुँचे प

Supaul - : पूर्णिया के निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव मंगलवार को सुपौल के त्रिवेणीगंज पहुँचे, जहाँ समर्थकों ने जेसीबी से फूलों की बारिश कर उनका शाही स्वागत किया। हालांकि, इस जश्न के बीच सांसद के तेवर काफी तल्ख नजर आए। उन्होंने बिहार सरकार पर अपनी सुरक्षा जानबूझकर हटाने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह अपराधियों को उनकी हत्या करने का खुला निमंत्रण है।

जेसीबी से स्वागत और समर्थकों का हुजूम

मंगलवार को त्रिवेणीगंज बाजार में सांसद पप्पू यादव के पहुँचते ही जश्न का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में जुटे समर्थकों ने नारेबाजी की और कई जेसीबी मशीनों के जरिए उन पर फूलों की बारिश कराई गई। समर्थकों के इस भारी उत्साह ने इलाके में पप्पू यादव की जमीनी पकड़ का अहसास कराया।

रहटा हत्याकांड: 'बेटियां पूछ रही हैं क्यों बिहार में सुरक्षित नहीं?'

स्वागत के बाद सांसद रहटा गाँव पहुँचे, जहाँ हाल ही में एक 18 वर्षीय बेटी की निर्मम हत्या कर दी गई थी। पीड़ित परिवार से मिलकर भावुक हुए पप्पू यादव ने कहा, "रात तक घर में शादी की खुशियाँ थीं, सुबह मातम में बदल गई। सिर्फ पानी लाने निकली मासूम की लाश लौटी।" उन्होंने परिजनों के साथ गलत होने की आशंका जताते हुए स्थानीय पुलिस पर आरोपियों को बचाने का गंभीर आरोप लगाया और वरीय अधिकारियों से तुरंत गिरफ्तारी की मांग की।

सुरक्षा कटौती पर गृह मंत्री और DGP से सवाल

मीडिया से बातचीत में पप्पू यादव ने अपनी सुरक्षा में कटौती को लेकर केंद्र और राज्य सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा, "मुझे वाई (Y) श्रेणी की सुरक्षा मिली है, फिर बीएमपी (BMP) जवानों को हटाने का मौखिक आदेश किसने दिया? क्या मुझे होमगार्ड के भरोसे छोड़ना चाहते हैं? सीधा मार ही दो, यह नाटक क्यों कर रहे हो?" सांसद ने यह भी आरोप लगाया कि डीजीपी उनका फोन तक नहीं उठा रहे हैं, जो एक सांसद का अपमान है।

"सम्राट चौधरी नफरत की राजनीति छोड़ें"

पप्पू यादव ने डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार की कार्रवाई अहंकार और बदले की भावना से प्रेरित है। उन्होंने अपील की कि राजनीति अटल और नेहरू जैसी होनी चाहिए, जहाँ मतभेद हो सकते हैं लेकिन मनभेद और नफरत नहीं। सांसद ने दावा किया कि पूरे बिहार में सरकार के निशाने पर सिर्फ वही हैं क्योंकि विपक्ष भी सत्ता के साथ समझौता कर चुका है।

कानून-व्यवस्था पर तीखा हमला

बिहार की वर्तमान स्थिति पर कटाक्ष करते हुए सांसद ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। हत्या, दुष्कर्म और जमीन विवाद की घटनाएं आम हो गई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पटना में बैठकर सत्ता सुख भोगने वालों को जनता के दर्द और बेटियों की चीखों से कोई सरोकार नहीं है।

रिपोर्ट - विनय कुमार मिश्र, सुपौल