दुर्गा पूजा को लेकर सदर थाना में शांति समिति की बैठक: डीजे बजाने पर पूरी तरह प्रतिबंध, संवेदनशील स्थलों पर रहेगी विशेष निगरानी

दुर्गा पूजा को लेकर सदर थाना में शांति समिति की बैठक: डीजे ब
दुर्गा पूजा को लेकर शांति समिति की बैठक- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : जिले के सदर थाना परिसर में शुक्रवार को आगामी दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। एसडीपीओ (SDPO) राजीव रंजन की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में शहर व ग्रामीण क्षेत्रों की विभिन्न पूजा समितियों के प्रतिनिधि, स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रबुद्ध नागरिक और मंदिर प्रबंधकों ने भाग लिया। 


डीजे पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध, नियमों के पालन का सख्त निर्देश

बैठक के दौरान कानून-व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और प्रतिमा विसर्जन की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा हुई। पुलिस प्रशासन ने पूजा समितियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि दुर्गा पूजा और विसर्जन जुलूस के दौरान डीजे बजाने पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध रहेगा। सभी आयोजकों से प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने का अनुरोध किया गया है। 


संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की तैनाती और फ्लैग मार्च

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजीव रंजन ने कहा कि जिले में शांति और सद्भाव बनाए रखना प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। त्योहार के मद्देनजर असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखी जाएगी तथा संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। 


बैठक में अंचलाधिकारी/सर्किल इंस्पेक्टर संजय कुमार, सदर थानाध्यक्ष रामसेवक रावत समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे, वहीं स्थानीय लोगों व पूजा समिति के सदस्यों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। 


विनय कुमार मिश्रा की रिपोर्ट