शर्मनाक: सुपौल में शराब तस्कर की ठोकर से घायल दंपती की मौत, तड़पते रहे राजदेव और लोग लूटते रहे शराब
सुपौल जिले के बलुआ थाना क्षेत्र में एक बेहद शर्मनाक और दर्दनाक मामला सामने आया है, जहाँ एक शराब तस्कर की बाइक की चपेट में आने से घायल ठेला चालक की मौत हो गई। इस घटना ने जहाँ एक गरीब परिवार को उजाड़ दिया है, वहीं मानवता को भी शर्मसार किया है।
Supaul - बिहार के सुपौल जिले के बलुआ थाना क्षेत्र में शराब बंदी के दावों के बीच एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। विशनपुर गुमामी में रविवार की सुबह शराब की खेप लेकर भाग रहे एक तस्कर ने अपनी तेज रफ्तार बाइक से एक दंपती को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल 50 वर्षीय राजदेव मेहता की इलाज के दौरान मौत हो गई। चौंकाने वाली बात यह रही कि जब राजदेव सड़क पर खून से लथपथ तड़प रहे थे, तब स्थानीय लोग उनकी जान बचाने के बजाय तस्कर की बाइक पर लदी शराब लूटने में व्यस्त रहे।
मौत की रफ्तार और बेबस राजदेव
घटना रविवार की अहले सुबह की है, जब विशनपुर गुमामी वार्ड 9 निवासी राजदेव मेहता अपने घर के पास थे। तभी एक तेज रफ्तार बाइक सवार शराब तस्कर ने उन्हें सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि राजदेव का पैर टूट गया और नाक-मुंह से भारी मात्रा में रक्त बहने लगा। परिजनों ने उन्हें बचाने का हर संभव प्रयास किया, लेकिन देर रात अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
मानवता हारी, 'शराब' जीती
हादसे के बाद घटनास्थल पर जो नजारा दिखा, उसने समाज की संवेदनहीनता को उजागर कर दिया। गंभीर रूप से घायल राजदेव दर्द से कराह रहे थे, लेकिन वहां पहुंचे आसपास के लोग मदद के बजाय बाइक पर बंधी शराब की बोरियों पर टूट पड़े। पुलिस के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने आधी से ज्यादा शराब की खेप लूट ली। पुलिस के हाथ महज दो बोरी शराब और तस्कर की बाइक ही लगी।
उजड़ गया एक गरीब का सहारा
मृतक राजदेव मेहता अपने परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। वे ठेला चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। ठेला चलाने के अलावा उनके पास आय का अन्य कोई साधन नहीं था। उनकी मौत के बाद अब परिवार के सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
राजदेव की मौत के बाद उनकी पत्नी और बच्चों का बुरा हाल है। पत्नी बार-बार बेहोश हो रही है। उन्हें सबसे बड़ी चिंता अपने तीन अविवाहित बच्चों (दो पुत्र और एक पुत्री) के भविष्य की सता रही है। मृतक की एक पुत्री विवाहित है, लेकिन बाकी तीन बच्चों की पढ़ाई और शादी की जिम्मेदारी अब कौन उठाएगा, यह सवाल परिवार को खाए जा रहा है।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
बलुआ थाना अध्यक्ष सुमित कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों के लिखित आवेदन पर मामला दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया गया है। पुलिस अब फरार तस्कर की पहचान और शराब के मुख्य स्रोत का पता लगाने के लिए हर एंगल से तहकीकात कर रही है।
Report - vinay kumar mishra