खूनी संघर्ष में बदला रास्ते का विवाद: खंती से वार कर 50 वर्षीय इजराइल की हत्या, अस्पताल पर भी गंभीर आरोप

पांच साल से चला आ रहा रास्ते का विवाद सोमवार को हत्या में तब्दील हो गया। विवादित जमीन पर खूंटा गाड़ने का विरोध करने पर पड़ोसी ने 50 वर्षीय मो. इजराइल के सिर पर खंती से जानलेवा हमला कर दिया।

खूनी संघर्ष में बदला रास्ते का विवाद: खंती से वार कर 50 वर्ष

Supaul - सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज प्रखंड अंतर्गत जदिया थाना क्षेत्र के मानगंज पश्चिम पंचायत (वार्ड-5) में सोमवार को एक पुरानी रंजिश ने दर्दनाक मोड़ ले लिया। पिछले पांच वर्षों से पड़ोसी मो. नेजामउद्दीन के साथ चल रहे रास्ते के विवाद में 50 वर्षीय मो. इजराइल की जान चली गई। बताया जाता है कि शनिवार की सुबह आरोपी अपने पुत्र के साथ विवादित जमीन पर जबरन खूंटा गाड़ रहा था। जब मो. इजराइल ने इसका विरोध किया, तो विवाद गाली-गलौज से शुरू होकर मारपीट तक पहुँच गया। आरोप है कि इसी दौरान नेजामउद्दीन ने लोहे की खंती से इजराइल के सिर पर जोरदार हमला कर दिया, जिससे वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े।

नेपाल में इलाज के दौरान तोड़ा दम, अस्पताल पर गंभीर आरोप

घटना के बाद गंभीर रूप से जख्मी मो. इजराइल को आनन-फानन में अनुमंडलीय अस्पताल त्रिवेणीगंज ले जाया गया, जहाँ से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मधेपुरा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। स्थिति में सुधार न होता देख परिजनों ने उन्हें नेपाल के विराटनगर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। सिर में गहरी चोट होने के कारण सोमवार की शाम करीब पांच बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। परिजनों ने निजी अस्पताल प्रबंधन पर संवेदनहीनता का आरोप लगाते हुए कहा कि शव सौंपने के बदले पांच लाख रुपये की मांग की गई। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के लिए यह राशि जुटाना असंभव था, जिसके बाद ग्रामीणों ने चंदा इकट्ठा कर अस्पताल का भुगतान किया और शव को घर ला सके।

नेत्रहीन पुत्र के सिर से उठा पिता का साया, गांव में मातम

मंगलवार की अहले सुबह करीब तीन बजे जब पोस्टमार्टम के बाद मो. इजराइल का शव उनके पैतृक गांव पहुँचा, तो पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक अपने पीछे पत्नी, चार पुत्रियां और एक पुत्र छोड़ गए हैं। हृदय विदारक बात यह है कि मृतक का एकमात्र पुत्र जन्म से ही नेत्रहीन है और परिवार की पूरी जिम्मेदारी मो. इजराइल के कंधों पर ही थी। घर में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के अनुसार, मृतक एक बेहद शांत स्वभाव के व्यक्ति थे और इस घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है।

पुलिस की कार्रवाई: मुख्य आरोपी पहले ही गिरफ्तार

इधर, प्रशासन की ओर से कार्रवाई तेज कर दी गई है। जदिया थानाध्यक्ष नंदकिशोर नंदन ने जानकारी दी कि घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की थी। दोनों पक्षों की ओर से प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी, जिसमें पुलिस ने मुख्य आरोपी मो. नेजामउद्दीन को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में हत्या की धाराओं के तहत कानूनी प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। फिलहाल गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और पुलिस स्थिति पर नजर रख रही है।

Report - Vinay kuar mishra