पुलिस की बड़ी रेड: खदेड़कर पकड़ा गया शातिर लुटेरा, फर्जी एजेंट बनकर सड़कों पर फैलाया था खौफ; 4 साथी अब भी फरार!

राघोपुर पुलिस ने सुपौल में एक बड़े लूटपाट गिरोह का पर्दाफाश किया है। लोडेड पिस्टल के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जो फर्जी एजेंट बनकर राहगीरों को अपना शिकार बनाते थे।

 पुलिस की बड़ी रेड: खदेड़कर पकड़ा गया शातिर लुटेरा, फर्जी एजेंट

Supaul -  बिहार के सुपौल जिले अंतर्गत राघोपुर थाना पुलिस ने सोमवार शाम एक बड़ी कार्रवाई करते हुए राहगीरों से लूटपाट करने वाले एक शातिर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान एक कथित रेपो एजेंट को लोडेड देसी पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ धर दबोचा। इस कार्रवाई में गिरोह के दो सदस्यों को जेल भेजा गया है, जबकि अंधेरे का फायदा उठाकर चार अन्य आरोपी फरार होने में सफल रहे।

गाली-गलौज और मारपीट के बीच पहुंची पुलिस 

थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि सोमवार शाम डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि विशनपुर दौलत पंचायत के दौलतपुर हटिया पुल के पास 5-6 युवक आपस में मारपीट और गाली-गलौज कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची, तो पुलिस को देखते ही युवक भागने लगे। पुलिस ने खदेड़कर एक आरोपी सुमन मंगरदैता (24 वर्ष) को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक लोडेड देशी पिस्टल और मैगजीन में भरे पांच जिंदा कारतूस बरामद हुए।

रेपो एजेंट की आड़ में आपराधिक खेल 

पकड़े गए आरोपी सुमन ने पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उसने बताया कि वे सभी मिलकर फर्जी रेपो एजेंट बनकर सड़कों पर सक्रिय रहते थे और हथियार के बल पर राहगीरों को रोककर लूटपाट की घटनाओं को अंजाम देते थे। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इलाके में ऐसी कई एजेंसियां सक्रिय हैं जो वाहनों को जबरन रोकने के नाम पर आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देती हैं।

फरार आरोपियों ने पुलिस पर तानी पिस्टल 

घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब पुलिस कार्रवाई कर रही थी, तब फरार होने वाले आरोपियों ने पुलिस टीम पर भी हथियार तान दिए और भागने में सफल रहे। हालांकि, पकड़े गए आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने छापेमारी कर एक अन्य आरोपी अखिलेश कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

पुलिस की छापेमारी जारी

 थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों ने अपने चार अन्य साथियों के नामों का खुलासा कर दिया है। पुलिस की विशेष टीम फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही गिरोह के बाकी सदस्यों को भी सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।

Report - Vinay kumar Mishra