बाइक और सीटी रिक्शा की सीधी भिड़ंत में एक की मौके पर मौत, दूसरा जिंदगी के लिए लड़ रहा जंग,6 मासूमों के सिर से उठा पिता का साया
रफ़्तार के कहर ने एक हँसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया है। तेज रफ़्तार बाइक और सीटी रिक्शा के बीच हुई भीषण टक्कर में 30 वर्षीय राजेश राम की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल है।
Supaul - सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दी हैं। दौलतपुर-आनंद चौक मार्ग पर तेज रफ्तार बाइक और सीटी रिक्शा के बीच हुई सीधी भिड़ंत में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में पिता की मौत, छह मासूमों के सिर से उठा साया
इस दर्दनाक हादसे में अपनी जान गंवाने वाले युवक की पहचान बौरहा निवासी राजेश राम (30 वर्ष) के रूप में हुई है। राजेश अपने परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था। उसकी मौत के बाद उसके छह छोटे बच्चों—जिनमें पांच बेटियां और एक बेटा शामिल है—के सिर से पिता का साया उठ गया है। सबसे बड़ी बेटी अंजलि मात्र 10 साल की है, जबकि सबसे छोटी बच्ची महज छह महीने की है।
घायल युवक की स्थिति नाजुक, बेहतर इलाज के लिए रेफर
हादसे में घायल दूसरे युवक प्रदीप राम (31 वर्ष) को स्थानीय लोगों की मदद से राघोपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल के डॉक्टर विपीन तिवारी ने बताया कि युवक के पैर में फ्रैक्चर है और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल सुपौल रेफर कर दिया गया है।
पुलिस की कार्रवाई और वाहनों की जब्ती
घटना की सूचना मिलते ही राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों से आवेदन प्राप्त होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Report - Vinay kumar mishra