छठ पूजा की खरीदारी कर घर लौट रहे बाइक सवार की सड़क हादसे में मौत, मचा कोहराम

छठ पूजा की खरीदारी कर घर लौट रहे बाइक सवार की सड़क हादसे में मौत, मचा कोहराम

छठ पूजा की खरीदारी कर घर लौट रहे बाइक सवार की सड़क हादसे में

Bihar news: सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत जागुर गांव में रविवार को लोक आस्था के महापर्व छठ की तैयारियों के बीच एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान जागुर वार्ड संख्या-11 निवासी वीरेंद्र यादव (48) के रूप में हुई है, जो रघुनंदन यादव के पुत्र थे। इस अप्रत्याशित घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वीरेंद्र यादव रविवार को त्रिवेणीगंज बाजार से छठ पूजा से जुड़ी आवश्यक सामग्री खरीदकर अपनी बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी मोटरसाइकिल की एक सिटी रिक्शा से आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। यह टक्कर इतनी भीषण थी कि वीरेंद्र गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। दुर्घटना को अंजाम देने के बाद सिटी रिक्शा चालक मौके से फरार होने में कामयाब रहा।

घटना के तुरंत बाद आसपास के स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हुए और मानवता का परिचय देते हुए घायल वीरेंद्र को आनन-फानन में त्रिवेणीगंज अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. संजीव कुमार सुमन ने उनकी स्थिति की जांच की और उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना की सूचना मिलते ही त्रिवेणीगंज थाना की पुलिस तुरंत अस्पताल पहुंची और कागजी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस फरार सिटी रिक्शा चालक की तलाश में जुटी है और दुर्घटना के सटीक कारणों की गहन जांच कर रही है। त्रिवेणीगंज थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है और उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। छठ पर्व की खुशियों के बीच हुए इस हादसे से जागुर गांव में मातम पसरा हुआ है।

रिपोर्ट- विनय कुमार मिश्र