सुपौल में 'स्वच्छता ही सेवा' अभियान : डीईओ संग्राम सिंह के नेतृत्व में निकला स्वच्छता मार्च, शिक्षक और छात्र हुए शामिल

सुपौल जिले में 'स्वच्छता ही सेवा' अभियान के तहत एक व्यापक स्वच्छता सह जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अभियान में शिक्षा विभाग के अधिकारियों, शिक्षकों, स्काउट और एनसीसी कैडेटों ने भारी संख्या में भाग लिया....

सुपौल में 'स्वच्छता ही सेवा' अभियान : डीईओ संग्राम सिंह के न
सुपौल में 'स्वच्छता ही सेवा' अभियान- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : जिले में रविवार को 'स्वच्छता ही सेवा' अभियान के तहत एक व्यापक स्वच्छता सह जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) संग्राम सिंह के नेतृत्व में निकाले गए इस अभियान में शिक्षा विभाग के अधिकारियों, शिक्षकों, स्काउट और एनसीसी कैडेटों ने भारी संख्या में भाग लिया। जिला शिक्षा विभाग कार्यालय परिसर से शुरू हुआ यह स्वच्छता मार्च शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए गांधी मैदान तक गया, जहां रास्ते भर साफ-सफाई की गई।


कार्यक्रम के दौरान डीईओ संग्राम सिंह ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य केवल सड़कों या परिसरों की सफाई करना नहीं है, बल्कि लोगों के दैनिक व्यवहार में स्वच्छता को शामिल करना है। शिक्षक समाज के मार्गदर्शक होते हैं, इसलिए उन्हें विद्यार्थियों के साथ-साथ अभिभावकों और आम नागरिकों को भी इसके प्रति जागरूक करने में अपनी अहम भूमिका निभानी चाहिए।


आगामी पर्व-त्योहारों जैसे दुर्गापूजा, दीपावली और छठ को ध्यान में रखते हुए डीईओ ने विशेष एहतियात बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि त्योहारों के इस सीजन में बाजार, पूजा पंडालों, सार्वजनिक स्थलों और विशेषकर जलाशयों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए स्थानीय प्रशासन और नागरिकों को मिलकर काम करना होगा ताकि आने वाले पर्वों में शहर स्वच्छ और सुंदर नजर आए।


जिला शिक्षा पदाधिकारी ने विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया कि वे बच्चों में कम उम्र से ही स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करें। बच्चों को न केवल खुद स्कूल और घर को स्वच्छ रखने के लिए बल्कि अपने आस-पड़ोस के लोगों को भी प्रेरित करने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। शिक्षक, छात्र और अभिभावकों के संयुक्त प्रयासों से ही सुपौल को एक आदर्श और स्वच्छ जिला बनाया जा सकता है।


इस विशाल स्वच्छता अभियान में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी माध्यमिक शिक्षा एवं साक्षरता के साथ-साथ सरस्वती विद्या निकेतन के प्रभारी प्रधानाध्यापक अजय कुमार, हजारी उच्च माध्यमिक विद्यालय गौरवगढ़ के प्रधानाध्यापक रामचन्द्र यादव, चकला निर्मली के प्रधानाध्यापक जनार्दन मंडल, बीबी बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय के गोपाल चौधरी और स्काउट एवं गाइड के जिला संगठन आयुक्त संजय झा सहित कई गणमान्य शिक्षक और शिक्षाकर्मी मौजूद रहे।


विनय कुमार मिश्रा की रिपोरट्