सुपौल पहुंचे पर्यटन मंत्री केदार गुप्ता : बाबा तिलहेश्वर नाथ मंदिर में किए पूजा-अर्चना, विकास व सौंदर्यीकरण कार्यों का लिया जायजा

बिहार के पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता मंगलवार को सुपौल जिले के तिलहेश्वर नाथ मंदिर पहुंच पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की याचना की। इस दौरान उन्होंने मंदिर में चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों को कई निर्देश दिए....

सुपौल पहुंचे पर्यटन मंत्री केदार गुप्ता : बाबा तिलहेश्वर नाथ
बाबा तिलहेश्वर नाथ मंदिर पहुंचे पर्यटन मंत्री केदार गुप्ता- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : बिहार सरकार के पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता मंगलवार को सुपौल जिले के सुखपुर स्थित प्रसिद्ध बाबा तिलहेश्वर स्थान पहुंचे। उनके आगमन पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, मंदिर प्रबंधन और श्रद्धालुओं ने गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत किया। मंदिर परिसर में पहुंचने के बाद मंत्री ने विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान शिव का जलाभिषेक किया और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।


विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का स्थल निरीक्षण और सख्त निर्देश

पूजा-अर्चना के बाद पर्यटन मंत्री ने मंदिर परिसर में पर्यटन विभाग की ओर से चलाए जा रहे विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से निर्माणाधीन और प्रस्तावित कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए और सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं।


श्रद्धालुओं की सुविधाओं को प्राथमिकता और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा

निरीक्षण के दौरान मंत्री को पथ निर्माण, प्रकाश व्यवस्था, परिसर के सौंदर्यीकरण और यात्रियों के लिए विकसित की जा रही आधारभूत सुविधाओं से अवगत कराया गया। मंत्री ने कहा कि सरकार धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण और विकास को प्राथमिकता दे रही है। इससे न केवल क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान मजबूत होगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिलेगा।


स्थानीय लोगों के सुझाव और बाबा तिलहेश्वर स्थान की धार्मिक महत्ता

दौरे के दौरान स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने मंदिर के समग्र विकास तथा यात्री सुविधाओं के विस्तार से जुड़े अपने सुझाव मंत्री के समक्ष रखे, जिस पर उन्होंने सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। कोसी क्षेत्र के प्रमुख आस्था केंद्रों में शामिल बाबा तिलहेश्वर स्थान पर वर्षभर श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहता है, और इन विकास कार्यों से यहां आने वाले भक्तों को बेहतर और सुरक्षित वातावरण मिलेगा।


विनय कुमार मिश्रा की रिपोर्ट