सुपौल में दर्दनाक हादसा: मकान निर्माण के दौरान राजमिस्त्री की करंट लगने से मौत, परिवार में मचा कोहराम

सुपौल में दर्दनाक हादसा: मकान निर्माण के दौरान राजमिस्त्री क
राजमिस्त्री की करंट लगने से मौत- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत खोरिया मिशन स्थित वार्ड संख्या पांच में शुक्रवार की सुबह बिजली का जोरदार करंट लगने से एक राजमिस्त्री की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान वीरेंद्र मुखिया के पुत्र हरेंद्र मुखिया के रूप में हुई है। इस अचानक हुए हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।


निर्माणाधीन मकान में पानी देने के लिए मोटर का तार लगाते समय हुआ हादसा

मिली जानकारी के अनुसार, हरेंद्र मुखिया अपने सपनों का आशियाना यानी घर का निर्माण करवा रहे थे। शुक्रवार की सुबह जब वह निर्माणाधीन मकान की तराई (पानी देने) के लिए मोटर का तार बोर्ड में लगा रहे थे, तभी अचानक वह प्रवाहित विद्युत धारा (करंट) की चपेट में आ गए। करंट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि वह गंभीर रूप से झुलस कर मौके पर ही बेहोश हो गए, जिससे घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई।


अस्पताल ले जाने पर हुई पुष्टि, परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से किया इनकार

घटना के तुरंत बाद घबराए परिजन आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए त्रिवेणीगंज अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां आपातकालीन कक्ष में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद हरेंद्र मुखिया को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। सूचना पाकर त्रिवेणीगंज थाना की पुलिस भी अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी ली, लेकिन परिजनों ने किसी भी प्रकार की कानूनी प्रक्रिया या पोस्टमार्टम कराने से लिखित रूप से इनकार कर दिया।


पुलिस मामले की जांच में जुटी, थानाध्यक्ष ने दी जानकारी

इस संबंध में त्रिवेणीगंज थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस को घटना की सूचना मिलते ही स्थिति का जायजा लिया गया है। पुलिस अपने स्तर से मामले से जुड़े सभी तथ्यों और परिस्थितियों की बारीकी से जांच-पड़ताल कर रही है। इस अप्रत्याशित हादसे ने एक हंसते-खेता परिवार को गहरे दुखों के सागर में डुबो दिया है।


विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट