सुपौल में VB-G RAM G योजना का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित: DDC इंद्रवीर कुमार ने पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन के दिए निर्देश

सुपौल में VB-G RAM G योजना का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित: DD
VB-G RAM G योजना का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित- फोटो : विनय कुमार मिश्रा

Supaul : जिले में 'वीबीजी राम जी' (VB-G RAM G) योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और अनुमन्य कार्यों (Permissible Works) की विस्तृत जानकारी देने के उद्देश्य से गुरुवार को जिला परिषद सभागार में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ उप विकास आयुक्त (DDC) इंद्रवीर कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।


योजना से जुड़े तमाम प्रशासनिक और तकनीकी अधिकारी रहे मौजूद

आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में निदेशक (राष्ट्रीय नियोजन कार्यक्रम - NEP), जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, सभी प्रखंडों के कार्यक्रम पदाधिकारी (PO), कनीय अभियंता (JE), पंचायत तकनीकी सहायक (PTA) सहित योजना से जुड़े अन्य विभागीय कर्मियों ने भाग लिया। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य योजना के चयन, स्वीकृति और धरातल पर क्रियान्वयन की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सुगम बनाना था।


अनुमन्य कार्यों, तकनीकी प्रक्रियाओं और दिशा-निर्देशों की दी गई जानकारी

प्रशिक्षण सत्र के दौरान उपस्थित पदाधिकारियों और कर्मियों को योजना के विभिन्न प्रावधानों, अनुमन्य कार्यों की तय श्रेणियों, तकनीकी प्रक्रियाओं तथा गुणवत्तापूर्ण निष्पादन से संबंधित दिशा-निर्देशों की विस्तार से जानकारी दी गई। प्रशिक्षकों ने जोर देकर कहा कि योजनाओं का चयन स्थानीय जरूरतों के आधार पर होना चाहिए ताकि सरकारी संसाधनों का समुचित उपयोग हो सके।


डीडीसी इंद्रवीर कुमार ने पारदर्शिता, गुणवत्ता और जवाबदेही पर दिया विशेष जोर

उप विकास आयुक्त इंद्रवीर कुमार ने अधिकारियों और कर्मियों को सख्त निर्देश दिया कि वे प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान का उपयोग धरातल पर योजनाओं के क्रियान्वयन में करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजनाओं के संपादन में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्ध जवाबदेही का विशेष ध्यान रखा जाए, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंच सके।


ग्रामीण विकास और समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए दिए गए दिशा-निर्देश

प्रशिक्षण के अंत में यह रेखांकित किया गया कि निर्धारित नियमों और तकनीकी मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन ही योजना की सफलता की कुंजी है। समयबद्ध तरीके से कार्यों को पूरा करने और प्रशासनिक व तकनीकी तालमेल बनाए रखने के लिए सभी कर्मियों को मुस्तैदी से काम करने के निर्देश दिए गए।


विनय कुमार मिश्रा की रिपोर्ट