सुपौल में स्टेट हाईवे-91 पर फिल्मी स्टाइल में युवक का अपहरण : विरोध करने पर बदमाशों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, इलाके में दहशत

सुपौल जिले से एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां फिल्मी स्टाइल में एक युवक का बदमाशों ने अपहरण कर लिया है। पुलिस युवक की सकुशल बरामादगी और बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी में जुटी है.....

सुपौल में स्टेट हाईवे-91 पर फिल्मी स्टाइल में युवक का अपहरण
सुपौल में दिन-दहाड़े युवक का अपहरण- फोटो : रिपोर्टर

Supaul : जिले से सोमवार को दिनदहाड़े एक युवक के अपहरण और ताबड़तोड़ फायरिंग की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। घटना भीमपुर थाना क्षेत्र के बेलागंज के समीप स्टेट हाईवे-91 (SH-91) की है। बेखौफ कार सवार बदमाशों ने पहले बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मारी और उसके सड़क पर गिरते ही उसे जबरन अपनी गाड़ी में बिठाकर फरार हो गए। इस घटना के बाद बेलागंज और आसपास के इलाकों में गहरी दहशत का माहौल है।


ग्रामीणों ने किया विरोध तो बदमाशों ने चलाईं गोलियां, खोखा बरामद 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अपहरण का विरोध करते हुए जब स्थानीय ग्रामीणों ने बदमाशों को रोकने और खदेड़ने का प्रयास किया, तो बदमाशों ने भय फैलाने की नीयत से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। घटना में करीब चार राउंड गोलियां चलने की बात सामने आई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है। वहीं, घटना से जुड़ा एक कथित वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें अफरातफरी और गोलीबारी जैसी आवाज सुनाई दे रही है।


माधोपुर निवासी 20 वर्षीय मो. जीशान खान के रूप में हुई पहचान 

अपहृत युवक की पहचान छातापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत माधोपुर पंचायत के वार्ड संख्या 13 निवासी खुर्शीद खान के 20 वर्षीय पुत्र मोहम्मद जीशान खान के रूप में की गई है। जीशान बाइक पर सवार होकर स्टेट हाईवे-91 से गुजर रहा था, तभी घात लगाए कार सवार अपराधियों ने इस वारदात को अंजाम दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और कोहराम मच गया।


एसपी शरथ आर एस ने लिया जायजा, SIT का किया गठन 

वारदात की सूचना मिलते ही भीमपुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सुपौल एसपी शरथ आर एस ने स्वयं घटनास्थल का मुआयना किया और अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। एसपी ने बताया कि घटना में शामिल अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा। मामले के त्वरित उद्भेदन के लिए एसडीपीओ दिलीप कुमार के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया है।


युवक की सकुशल बरामदगी के लिए 4-5 पुलिस टीमों की छापेमारी जारी 

पुलिस प्रशासन की चार से पांच अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों और जिला सीमाओं पर सघन छापेमारी अभियान चला रही हैं। एसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस की पहली प्राथमिकता अपहृत युवक मोहम्मद जीशान खान को सकुशल बरामद करना और वारदात में प्रयुक्त वाहन व शामिल अपराधियों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार करना है। इलाके में पुलिस की गश्त और चौकसी बढ़ा दी गई है।