ऑनलाइन गेम का घाटा पूरा करने के लिए 8 साल के मासूम का अपहरण : गंगा नदी में फेंककर की हत्या, 3 आरोपी गिरफ्तार

वैशाली जिले से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां ऑनलाइन गेम में हुए वित्तीय नुकसान की भरपाई के लिए आरोपियों ने आठ वर्षीय बच्चे का अपहरण किया कर हत्या कर दी गई है। मामले में पुलिस ने तीन आरोपी को गिरफ्तार किया है....

ऑनलाइन गेम का घाटा पूरा करने के लिए 8 साल के मासूम का अपहरण
ऑनलाइन गेम का घाटा पूरा करने के लिए 8 साल के मासूम की हत्या- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : जिले के राघोपुर से अपहरण और हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। ऑनलाइन गेम में हुए वित्तीय नुकसान की भरपाई के लिए आरोपियों ने आठ वर्षीय बच्चे का अपहरण किया और पकड़े जाने के डर से उसे गंगा नदी में फेंक दिया। पुलिस ने घटना में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बच्चे के शव की तलाश जारी है।


20 जुलाई को अचानक गायब हुआ था इकलौता मासूम

प्राप्त जानकारी के अनुसार, राघोपुर थाना क्षेत्र के रामपुर श्यामचंद गांव निवासी अनिल पंडित का 8 वर्षीय इकलौता पुत्र अंकुश कुमार 20 जुलाई की दोपहर 2 बजे अचानक घर के बाहर से गायब हो गया। काफी खोजबीन के बाद भी जब मासूम का कोई सुराग नहीं मिला, तब दोपहर 4 बजे परिजनों के पास फोन आया और बच्चे को सही-सलामत छोड़ने के बदले 5 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई। परिजनों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।


SIT का गठन और गांव के पिता-पुत्र समेत तीन गिरफ्तार

पिता के आवेदन पर मामला दर्ज कर वैशाली एसपी शुभांक मिश्रा ने सदर एसडीपीओ सुबोध कुमार के नेतृत्व में एसआईटी (SIT) का गठन किया। पुलिस टीम ने राघोपुर दियारा इलाके में सघन छापेमारी की। जांच के दौरान पुलिस ने शक के आधार पर गांव के ही विशाल कुमार, उसके पिता मनोज राय और सूरज कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद पूरे मामले का पर्दाफाश हुआ।


ऑनलाइन 'एविएटर' गेम में हुआ था भारी नुकसान

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि विशाल और सूरज 'एविएटर' नामक ऑनलाइन गेम खेलते थे, जिसमें उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ था। इस कर्ज और घाटे से उबरने के लिए ही उन्होंने मासूम अंकुश के अपहरण का ताना-बाना बुना था।


सिक्स लेन पुल से गंगा में फेंका, चप्पल बरामद

वैशाली एसपी शुभांक मिश्रा ने बताया कि अपहरण के बाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई और पकड़े जाने के डर से आरोपियों ने उसी दिन बच्चे को बिदुपुर-कच्ची दरगाह सिक्स लेन पुल पर ले जाकर गंगा नदी में फेंक दिया। पुलिस ने घटनास्थल से मासूम का चप्पल बरामद कर लिया है। गोताखोरों की मदद से गंगा नदी में बच्चे के शव की तलाश की जा रही है।


रिषभ की रिपोर्ट