लाइक और व्यूज की जानलेवा चाहत: हाजीपुर-सोनपुर गंडक पुल पर बच्चों का खतरनाक स्टंट, 50 फीट ऊंचाई से नदी में लगाई छलांग

Vaishali News : रिल्स के चक्कर में युवा पीढ़ी अपनी जान से खिलवाड़ कर रहे है। ऐसा ही एक रोंगटे खड़े कर देने वाला ताजा मामला हाजीपुर और सोनपुर को जोड़ने वाले पुराने गंडक पुल से सामने आया है, जहां कुछ बच्चों का जानलेवा स्टंट करते हुए वीडियो वायरल हुआ.

लाइक और व्यूज की जानलेवा चाहत: हाजीपुर-सोनपुर गंडक पुल पर बच
गंडक पुल पर बच्चों का जानलेवा स्टंट- फोटो : रिषभ कुमार

Hajipur : सोशल मीडिया पर लाइक, कमेंट और फॉलोअर्स बढ़ाने की अंधी होड़ आज की युवा पीढ़ी और बच्चों को मौत के मुहाने तक पहुंचा रही है। ऐसा ही एक रोंगटे खड़े कर देने वाला ताजा मामला हाजीपुर और सोनपुर को जोड़ने वाले पुराने गंडक पुल से सामने आया है, जहां कुछ बच्चों का जानलेवा स्टंट करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में बच्चे करीब 40 से 50 फीट की भारी-भरकम ऊंचाई से बिना किसी डर और सुरक्षा के सीधे उफनती गंडक नदी में छलांग लगाते नजर आ रहे हैं, जिसने स्थानीय प्रशासन और पुलिस के सुरक्षा दावों की पोल खोल दी है।


साथी बच्चों के उकसाने पर कूदा मासूम, मोबाइल कैमरे में कैद हुई घटना

वायरल वीडियो के दृश्यों में साफ दिखाई दे रहा है कि पुराने गंडक पुल पर 4 से 5 बच्चे मौजूद हैं। इनमें से दो बच्चे बिना किसी खौफ के पुल की रेलिंग पर चढ़कर सीधे नीचे नदी में छलांग लगा देते हैं। वहीं, एक अन्य बच्चा इतनी ऊंचाई देखकर पहले तो काफी हिचकिचाता है, लेकिन वहां मौजूद उसके साथी बच्चे उसे लगातार उकसाते हैं, जिसके बाद वह भी नदी में कूदने की तैयारी करता दिखाई देता है। इस पूरे खतरनाक खेल को वहीं मौजूद किसी साथी ने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड किया और बाद में सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।


चंद व्यूज के लिए जान जोखिम में डालने पर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी

इस वीडियो के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया यूजर्स में भारी नाराजगी और चिंता देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि सिर्फ रील्स बनाने और चंद व्यूज पाने की चाहत में बच्चे अपनी जान को जोखिम में डाल रहे हैं, जो कभी भी किसी बड़े और दर्दनाक हादसे में बदल सकता है। इस तरह के खतरनाक वीडियो अन्य बच्चों को भी भ्रमित और प्रेरित करते हैं, जिससे समाज में एक बेहद गलत और आत्मघाती संदेश जा रहा है, जिसे रोकने के लिए तुरंत कड़े कदम उठाने की सख्त जरूरत है।


दोनों छोर पर तैनात रहती है पुलिस, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

इस पूरे घटनाक्रम ने दोनों जिलों की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की मुस्तैदी पर बेहद गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बता दें कि इस पुराने गंडक पुल के एक छोर की जिम्मेदारी वैशाली जिले की हाजीपुर नगर थाना पुलिस की होती है, जबकि दूसरे छोर पर सारण जिले की सोनपुर पुलिस की तैनाती रहती है। दो-दो थानों की पुलिस की चौबीसों घंटे मौजूदगी और दावों के बावजूद, बच्चों का बीच पुल पर आकर ऐसा खतरनाक स्टंट करना पुलिस गश्ती और निगरानी व्यवस्था की बड़ी लापरवाही को उजागर करता है।


संवेदनशील पुल पर सख्ती की मांग, पहले भी हो चुके हैं कई बड़े हादसे

स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि पुल पर नियमित रूप से पुलिस की तैनाती और सख्ती बरती जाए, तो बच्चों के इस जानलेवा स्टंट पर आसानी से रोक लगाई जा सकती है। गौरतलब है कि यह पुराना गंडक पुल बेहद संवेदनशील स्थल रहा है और इससे पहले भी कई लोग यहां से आत्महत्या के इरादे से छलांग लगा चुके हैं, जिन्हें एसडीआरएफ (SDRF) की टीम ने समय रहते रेस्क्यू कर बचाया था। लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि वायरल वीडियो के आधार पर बच्चों की पहचान की जाए और उनके अभिभावकों को बुलाकर सख्त हिदायत दी जाए।


रिषभ की रिपोर्ट