Bihar Crime : लव मैरिज से खूनी अंजाम तक का सफर,3 साल की जुदाई और जहरीली मोहब्बत, बेवफा बीवी को वीडियो भेज पति ने तोड़ा दम
Bihar Crime: एक शख्स ने अपनी बीवी की बेरुखी से तंग आकर मौत को गले लगा लिया, लेकिन मरने से पहले उसने जो किया, वह किसी फिल्मी थ्रिलर से कम नहीं था।
VAISHALI : प्यार, तकरार और फिर रूह कंपा देने वाला अंजाम! वैशाली जिले के पातेपुर थाना क्षेत्र से एक ऐसी दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है। खेसराही गांव में एक शख्स ने अपनी बीवी की बेरुखी से तंग आकर मौत को गले लगा लिया, लेकिन मरने से पहले उसने जो किया, वह किसी फिल्मी थ्रिलर से कम नहीं था।
मृतक महाकांत सिंह ने जहर खाने से पहले अपने मोबाइल से अपनी मौत का पूरा मंजर रिकॉर्ड किया। रोंगटे खड़े कर देने वाला यह वीडियो उसने अपनी पत्नी रिशु देवी को WhatsApp पर सेंड किया। ताज्जुब और अफसोस की बात यह है कि पति को तड़पता देख भी पत्नी का दिल नहीं पसीजा। उसने ससुराल वालों को खबर करने के बजाय गांव के अन्य लोगों को वीडियो भेज दिया। जब तक परिजन कमरे में पहुंचे, महाकांत की सांसों की डोर टूट चुकी थी।
तफ्तीश में यह बात सामने आई है कि महाकांत ने 11 साल पहले हाजीपुर की रिशु से लव मैरिज की थी। लेकिन इश्क का यह परवान जल्द ही विवादों की भेंट चढ़ गया। परिजनों का आरोप है कि बीवी लगातार महाकांत पर पैतृक संपत्ति बेचकर हाजीपुर में बसने का दबाव बना रही थी। महाकांत अपने परिवार और जमीन को छोड़ने को तैयार नहीं था, इसी जंग के कारण 3 साल पहले पत्नी उसे छोड़कर मायके चली गई थी।
मंगलवार को हुई इस वारदात के बाद बुधवार को जब रिशु ससुराल पहुंची, तो कोहराम मच गया। पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर हाजीपुर सदर अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के तीन मासूम बच्चे (दो बेटे और एक बेटी) अब अनाथ हो गए हैं। पातेपुर थाना पुलिस मामले की संगीनता को देखते हुए तफ्तीश में जुट गई है। पुलिस उस मोबाइल और वीडियो की भी जांच कर रही है, जो इस खुदकुशी का सबसे बड़ा गवाह है। क्या यह सिर्फ आत्महत्या है या इसके पीछे मानसिक प्रताड़ना का कोई गहरा जाल? यह जांच के बाद साफ होगा।
रिपोर्ट- ऋषभ कुमार