महुआ विधानसभा क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात : स्वच्छ पेयजल की किल्लत होगी दूर, 506.71 करोड़ रुपये की बहुग्रामीण पेयजल योजना को कैबिनेट की मंजूरी
वैशाली जिले के महुआ विधानसभा क्षेत्रवासियों के लिए एक बड़ी खबर है। जल्द ही उनके स्वच्छ पेयजल की संकट दूर होने वाली है। राज्य सरकार ने बहुग्रामीण पेयजल योजना की मंजूरी दे दी है
Patna : वैशाली जिले के महुआ विधानसभा क्षेत्रवासियों के लिए एक बड़ी खबर है। जल्द ही उनके स्वच्छ पेयजल की संकट दूर होने वाली है। राज्य सरकार ने बहुग्रामीण पेयजल योजना की मंजूरी दे दी है। इस बात की जानकारी देते हुए स्थानीय विधायक व बिहार सरकार के पीएचईडी मंत्री ने बताया है कि महुआ विधानसभा क्षेत्र की जनता के लिए एक ऐतिहासिक और सौगात भरा दिन आया है। बिहार कैबिनेट ने महुआ और चेहराकलां प्रखंडों के लिए ₹506.71 करोड़ (पाँच सौ छह करोड़ इकहत्तर लाख रुपये) की महत्वाकांक्षी पेयजल योजना को आधिकारिक मंजूरी दे दी है। इस योजना के धरातल पर उतरने से क्षेत्र में वर्षों से चली आ रही पेयजल की किल्लत हमेशा के लिए समाप्त हो जाएगी।
36 पंचायतों के 493 वार्डों में मजबूत होगी जलापूर्ति
इस विशाल परियोजना के तहत महुआ और चेहराकलां प्रखंड की कुल 36 पंचायतों के 493 वार्डों में घर-घर जलापूर्ति व्यवस्था को बेहद मजबूत किया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी योजना के पूरा होने से क्षेत्र के हजारों परिवारों को सीधे उनके घरों में नल के माध्यम से स्वच्छ और सुरक्षित पानी उपलब्ध हो सकेगा।
गंगा नदी के पानी से 72 MLD प्यूरीफाइड वाटर सप्लाई
इस योजना की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें गंगा नदी के सतही जल का उपयोग किया जाएगा। इसके लिए 72 एमएलडी (MLD) क्षमता की बहुग्रामीण जलापूर्ति योजना बनाई जाएगी। गंगा नदी के शुद्ध जल को 3-लेयर प्यूरिफिकेशन प्रक्रिया से गुजारकर मिनरल वाटर से भी अधिक शुद्ध रूप में महुआ के लोगों को पीने के लिए उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे महुआ वासियों को अब गंगा जल लाने के लिए नदी नहीं जाना पड़ेगा।
वादों को धरातल पर उतारने का संकल्प
स्थानीय विधायक व पीएचईडी मंत्री संजय सिंह की ओर से साझा किया गया कि चुनाव के समय मैने जनता से यह वादा किया था कि आजादी के बाद महुआ में सबसे बड़ी योजनाओं में से एक योजना लाई जाएगी। राजनीति केवल वादे करने का माध्यम नहीं है, बल्कि उन वादों को जमीन पर उतारकर जनता के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का अटूट संकल्प है। यह परियोजना महुआ के सर्वांगीण विकास और बेहतर भविष्य की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।
जनता का विश्वास और प्राथमिकता
उन्होंने कहा कि सरकार और उनका का यह स्पष्ट संदेश है कि महुआ का विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और जनता के हितों की रक्षा करना उनका मुख्य संकल्प है। जनता का विश्वास ही उनकी ताकत है और उम्मीदें उनकी जिम्मेदारी हैं, जिससे महुआ का सतत विकास सुनिश्चित किया जा रहा है।
देवांशु प्रभात की रिपोर्ट