CRPF जवान का पार्थिव शरीर पैतृक गांव पहुंचे ही उमड़ा जनसैलाब, पूरे राजकीय सम्मान के साथ कोनहारा घाट पर हुआ अंतिम संस्कार
वैशाली जिले के 32 वर्षीय सीआरपीएफ जवान की इलाज के दौरान हुई मौत के बाद उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव पहुंचा। जैसे ही वीर सपूत का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव पहुंचा, पूरा माहौल गमगीन हो गया और अंतिम दर्शन के लिए हजारों ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी...
Vaishali : जिले के राजापाकर प्रखंड क्षेत्र के फरीदपुर गांव निवासी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के 32 वर्षीय जवान पिंटू कुमार का गुरुवार को हाजीपुर स्थित ऐतिहासिक कोनहारा घाट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया। जैसे ही वीर सपूत का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव पहुंचा, पूरा माहौल गमगीन हो गया और अपने लाडले के अंतिम दर्शन के लिए हजारों ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी।
चाईबासा में ड्यूटी के दौरान बिगड़ी थी तबीयत, इलाज के दौरान हुई थी मौत
जानकारी के अनुसार, पिंटू कुमार झारखंड के चाईबासा में अपनी ड्यूटी पर तैनात थे, जहां अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। आनन-फानन में उन्हें बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही गांव और आसपास के इलाकों में शोक की लहर दौड़ गई।
कोनहारा घाट पर CRPF जवानों ने दिया गार्ड ऑफ ऑनर, नम आंखों से दी अंतिम सलामी
गुरुवार को हाजीपुर के कोनहारा घाट पर राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। इस दौरान CRPF की टुकड़ी ने बिगुल की मातमी धुन के बीच गार्ड ऑफ ऑनर देकर अपने साथी को अंतिम सलामी दी। घाट पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने पुष्पचक्र अर्पित कर वीर जवान की शहादत और देशसेवा को नमन किया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, मासूम बच्चों को देखकर सभी की आंखे हुई नम
अंतिम संस्कार के दौरान परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। मृतक जवान की पत्नी आरती कुमारी, माता प्रमिला देवी और पिता शिवजी साह को संभालना मुश्किल हो रहा था। विशेष रूप से डेढ़ माह के मासूम बेटे और दो छोटी बेटियों को देखकर वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं और पूरा माहौल भावुक हो उठा।
2016 में बल में हुए थे भर्ती, अपने पीछे छोड़ गए पत्नी, दो बेटियां और डेढ़ माह का मासूम बेटा
उल्लेखनीय है कि पिंटू कुमार वर्ष 2016 में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में भर्ती हुए थे और निष्ठापूर्वक देश की सेवा कर रहे थे। अंतिम विदाई के मौके पर उपस्थित सभी गणमान्य लोगों और ग्रामीणों ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
रिषभ की रिपोर्ट