इंजन के पास अवैध शराब छिपाकर जा रहा था तस्कर, इंजन हीट होने से धू-धू कर जला सीएनजी टेंपो, कूदकर भागा चालक

वैशाली जिले के कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल पर सीएनजी टेंपो धू-धू कर जला। इस घटना की जांच में शराब तस्करी का बड़ा खुलासा हुआ....

इंजन के पास अवैध शराब छिपाकर जा रहा था तस्कर, इंजन हीट होने
धू-धू कर जला सीएनजी टेंपो- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : जिले के रुस्तमपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल पर पाया नंबर तीन और चार के बीच एक सीएनजी टेंपो में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते टेंपो पूरी तरह आग की लपटों में घिर गया और धू-धू कर जलने लगा। बीच पुल पर हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, टेंपो में आग भड़कते ही चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए चलती गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचा ली। यदि चालक को कूदने में थोड़ी भी देर होती तो एक बड़ा जानलेवा हादसा हो सकता था।


काले धुएं के गुब्बार से सहमे राहगीर, पुल के दोनों ओर लगी वाहनों की लंबी कतार

आग इतनी भयावह थी कि पुल पर दूर से ही काले धुएं का विशाल गुब्बार आसमान में उठता दिखाई दे रहा था। पुल के बीचो-बीच टेंपो को जलता देख दोनों तरफ से आ रहे राहगीरों ने अपने वाहन रोक दिए, जिससे कुछ देर के लिए सिक्स लेन पुल पर यातायात बाधित हो गया और वाहनों की लंबी कतार लग गई। मौके पर स्थानीय राहगीरों की भारी भीड़ जुट गई। लोगों ने तत्काल इस घटना की सूचना रुस्तमपुर थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग को दी। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुँची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक सीएनजी टेंपो पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था।


पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा: इंजन के पास शराब छिपाने के कारण भड़की थी आग

आग बुझने के बाद जब पुलिस ने घटना की गहन छानबीन शुरू की, तो एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ। जांच में सामने आया कि यह कोई सामान्य दुर्घटना नहीं, बल्कि शराब तस्करी से जुड़ा मामला था। पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार, शराब तस्कर सीएनजी टेंपो के इंजन के ठीक पास अवैध शराब छिपाकर राघोपुर की ओर से पटना की तरफ ले जा रहा था। सिक्स लेन पुल के पाया नंबर तीन और चार के पास पहुँचते ही इंजन अत्यधिक गर्म (हीट) हो गया, जिसके संपर्क में आने से शराब में आग भड़क उठी और पूरे टेंपो को अपनी चपेट में ले लिया।


जले हुए टेंपो को पुलिस ने किया जब्त, चालक, मालिक और तस्कर की तलाश तेज

रुस्तमपुर थाना की पुलिस ने घटनास्थल से पूरी तरह जल चुके सीएनजी टेंपो को जब्त कर लिया है और उसे थाने लाकर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है। इस संबंध में रुस्तमपुर थानाध्यक्ष कुमार अभिषेक ने बताया कि सिक्स लेन पुल पर टेंपो में आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस बल ने मौके पर पहुँचकर दमकल की मदद से आग बुझाई। जांच के दौरान इंजन के पास शराब रखकर ले जाने और इंजन हीट होने से आग लगने की पुष्टि हुई है।


वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर से हो रही पहचान, सभी आरोपियों पर होगी सख्त कार्रवाई

थानाध्यक्ष कुमार अभिषेक ने स्पष्ट किया कि जब्त टेंपो के चेसिस और रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर टेंपो मालिक की पहचान की जा रही है। इसके साथ ही घटना के बाद मौके से फरार हुए टेंपो चालक और अवैध खेप भेजने वाले शराब तस्कर का भी पता लगाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इस तस्करी नेटवर्क में शामिल सभी आरोपियों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध मद्य निषेध अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


रिषभ की रिपोर्ट