वैशाली में सिपाही ने बैरक में फांसी का फंदा लगाकर की खुदकुशी की कोशिश, हालत नाजुक, पटना रेफर

Bihar News : जिले के भगवानपुर थाना परिसर स्थित बैरक में एक सिपाही ने फांसी लगाकर सुसाइड करने का प्रयास किया। गंभीर हालत में सिपाही को पटना के पीएमसीएच रेफर किया है। इस घटना के बाद पुलिस महकंमे मे हड़कंप मचा हुआ है...

वैशाली में सिपाही ने बैरक में फांसी का फंदा लगाकर की खुदकुशी
सिपाही ने बैरक में सुसाइड का किया प्रयास- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : जिले के भगवानपुर थाने से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां डायल 112 में तैनात एक सिपाही ने थाना परिसर स्थित बैरक में फांसी लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। आनन-फानन में सहकर्मियों ने सिपाही को फंदे से नीचे उतारा और गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया। घायल सिपाही की पहचान मुकेश कुमार के रूप में हुई है, जिसकी स्थिति फिलहाल चिंताजनक बनी हुई है।


पारिवारिक विवाद के चलते उठाया खौफनाक कदम 

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस आत्मघाती कदम के पीछे पारिवारिक कलह की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि सिपाही मुकेश कुमार की शादी हाल ही में हुई थी और वह अपनी पत्नी के साथ थाना परिसर के बैरक में ही रह रहा था। घटना के समय उसकी पत्नी भी वहीं मौजूद थी। चर्चा है कि पत्नी के साथ किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद आवेश में आकर सिपाही ने कमरे के अंदर खुद को फंदे से लटका लिया।


सदर अस्पताल से पीएमसीएच रेफर 

जैसे ही घटना की भनक अन्य पुलिसकर्मियों को लगी, तुरंत बचाव कार्य शुरू किया गया। अचेत अवस्था में मुकेश को पहले हाजीपुर सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना के पीएमसीएच (PMCH) रेफर कर दिया। फिलहाल विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में उसका उपचार जारी है, लेकिन वह अब भी खतरे से बाहर नहीं बताया जा रहा है।


वरीय अधिकारियों ने शुरू की जांच 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरीय अधिकारी अस्पताल पहुंचे और सिपाही के परिजनों व वहां मौजूद कर्मचारियों से पूछताछ की। एसडीपीओ गोपाल मंडल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि डायल 112 में तैनात सिपाही की अचानक तबीयत बिगड़ने और अस्पताल में भर्ती होने की सूचना मिली है। उन्होंने कहा कि मामला काफी संवेदनशील है और पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है। पूरी छानबीन के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि सिपाही ने यह कदम क्यों उठाया।


पुलिस महकमे में पसरा सन्नाटा 

थाना परिसर के अंदर हुई इस घटना से साथी पुलिसकर्मी स्तब्ध हैं। ड्यूटी पर तैनात जवानों का कहना है कि मुकेश स्वभाव से शांत था, लेकिन हाल के दिनों में वह किसी मानसिक तनाव में था या नहीं, इस पर जांच जारी है। प्रशासन अब सिपाही की पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया में है, ताकि विवाद की असली वजह का खुलासा हो सके। फिलहाल, पुलिस की प्राथमिकता सिपाही की जान बचाना है।


रिषभ की रिपोर्ट