लावारिस बाइक जब्त करने पर युवक ने थानाध्यक्ष को दी जान से मारने की धमकी, दो घंटे तक किया सड़क जाम

Bihar News : वैशाली जिले के बेलसर थाने में एक युवक ने जमकर हंगामा किया। इस दौरान जहां उसने थानाध्यक्ष को जान से मारने की धमकी दी, वहीं सड़क पर आकर जमकर बवाल काटा.....

लावारिस बाइक जब्त करने पर युवक ने थानाध्यक्ष को दी जान से मा
युवक ने थानाध्यक्ष को दी जान से मारने की धमकी- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : जिले के बेलसर थाना क्षेत्र में उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक लावारिस बाइक को पुलिस द्वारा जब्त किए जाने के बाद एक युवक ने थाना परिसर में जमकर हंगामा किया। आरोपी युवक ने न सिर्फ थाना अध्यक्ष को सरेआम जान से मारने की धमकी दी, बल्कि थाने से बाहर निकलकर मुख्य सड़क को जाम कर दिया। करीब दो घंटे तक चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिसे काबू में करने के लिए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात करना पड़ा।


कागजात मांगने पर भड़का युवकथाने में की गाली-गलौज

घटना के संबंध में बताया गया है कि दोपहर करीब 2 बजे बेलसर थाना अध्यक्ष प्रवीण कुमार को महेश चौक पर बिना नंबर प्लेट की एक लावारिस मोटरसाइकिल खड़ी मिली। सुरक्षा के दृष्टिकोण से थानाध्यक्ष बाइक को जब्त कर थाने ले आए। इसी बीच पिंटू कुमार नाम का एक युवक थाने पहुंचा और उस बाइक को अपना बताते हुए वापस सौंपने की मांग करने लगा। जब थानाध्यक्ष ने नियमानुसार गाड़ी के वैध कागजात पेश करने को कहा, तो युवक अचानक भड़क गया और थाना परिसर में ही गाली-गलौज करते हुए देख लेने की धमकी देने लगा।


सड़क पर गाड़ी अड़ाकर किया चक्का जाम

थाने के भीतर हंगामा करने के बाद आरोपी युवक बाहर निकला और थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर एक एजेंसी की गाड़ी को बीच सड़क पर तिरछा खड़ा कर मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया। देखते ही देखते इस व्यस्त मार्ग पर आवागमन ठप हो गया और दोनों तरफ गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं। आम राहगीरों और स्थानीय दुकानदारों को इस हंगामे के कारण भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा और बाजार में तनाव की स्थिति पैदा हो गई।


एसडीपीओ से भी की तीखी बहसकड़ी मशक्कत के बाद हटा जाम

मामले की संवेदनशीलता और सड़क जाम की सूचना मिलते ही लालगंज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) गोपाल मंडल, इंस्पेक्टर सुबोध कुमार और भारी संख्या में पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने जब युवक को समझाने और सड़क से गाड़ी हटाने को कहा, तो आरोप है कि पिंटू कुमार ने अपनी दबंगई दिखाते हुए एसडीपीओ से भी तीखी बहस की और उन्हें भी धमकी भरे अंदाज में जवाब दिया। पुलिस अधिकारियों द्वारा काफी मशक्कत करने और सख्त रुख अपनाने के बाद किसी तरह सड़क जाम हटवाया गया और यातायात बहाल कराया जा सका।


पुरानी रंजिश और शराब कारोबार से जुड़ा है मामला

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हंगामा करने वाले आरोपी पिंटू कुमार के परिवार के सदस्यों पर पहले से ही शराब के अवैध कारोबार से जुड़े गंभीर मामले दर्ज हैं। मद्यनिषेध कानून के तहत पुलिस द्वारा पहले की गई सख्त कार्रवाई को लेकर वह स्थानीय थानाध्यक्ष से पहले से ही रंजिश और नाराजगी पाले हुए था। लावारिस बाइक की जब्ती ने आग में घी का काम किया, जिसके बाद उसने इस पूरी घटना को अंजाम दिया। पुलिस प्रशासन अब आरोपी युवक के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, अधिकारियों को धमकाने और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने के आरोप में सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रहा है। 


रिषभ की रिपोर्ट