बाढ़ पीड़ितो से मिलने जा रहे तेजस्वी यादव की SDRF नाव की निकलने लगी हवा, निजी नाव पर सवार होकर पीड़ितों तक पहुंचे नेता प्रतिपक्ष

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के साथ उस वक्त बड़ी घटना हो गई जब वे अपने विधान सभा क्षेत्र के बाढ़ग्र्स्त इलाके का दौरा करने जा रहे थे। तेजस्वी SDRF के जिस नाविक बोर्ड से जा रहे थे उसकी हवा लिक करने लगी। बाद मे निजी नाव से पीड़ितों तक पहुंचे....

बाढ़ पीड़ितो से मिलने जा रहे तेजस्वी यादव की SDRF नाव की निक
निजी नाव पर सवार होकर बाढ़ पीड़ितों तक पहुंचे तेजस्वी- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : हाजीपुर में उस वक्त एक बड़ा प्रशासनिक और सुरक्षा संबंधी सवाल खड़ा हो गया, जब नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव अपने विधानसभा क्षेत्र राघोपुर के तेरसिया बाढ़ प्रभावित इलाके का दौरा करने जा रहे थे। महात्मा गांधी सेतु के पाया नंबर एक के पास से जब उनकी टीम एसडीआरएफ (SDRF) के नाविक बोर्ड से नदी की ओर रवाना हुई, तो कुछ ही दूर जाने के बाद अचानक बोर्ड की हवा निकलने लगी। स्थिति यह बन गई कि एसडीआरएफ के जवान लगातार हवा भरते रहे, लेकिन हवा तुरंत निकलती रही। सुरक्षा को ताक पर रख कर अंततः तेजस्वी यादव को उनके कार्यकर्ताओं द्वारा एक निजी नाव पर बैठाया गया, जिसके बाद उन्होंने सुरक्षित तरीके से बाढ़ प्रभावित इलाके का दौरा किया और जरूरतमंदों के बीच राहत सामग्री वितरित की।


'सरकार की व्यवस्था की निकल चुकी है हवा'—तेजस्वी यादव 

घटना के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार पर जोरदार प्रहार किया। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि नाव पुरानी थी और उसकी हवा निकल रही थी, जो इस बात का स्पष्ट संदेश है कि खुद सरकार की व्यवस्था की हवा निकल चुकी है। इसमें कोई साजिश है या नहीं, इस पर उन्होंने सीधे तौर पर कुछ कहने से इनकार किया, लेकिन यह जरूर कहा कि जब नेता प्रतिपक्ष को सरकार द्वारा उपलब्ध कराई गई नाव की ऐसी स्थिति है, तो आम जनता का क्या हाल होगा, इसका अनुमान आसानी से लगाया जा सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोग बाढ़ में त्राहिमाम कर रहे हैं, उन्हें न तो समय पर खाना मिल रहा है और न ही आवागमन के लिए ठीक साधन, जबकि अधिकारी सिर्फ हवाई दौरे कर रहे हैं।


चिराग पासवान के दौरे पर साधा निशाना 

राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि तेजस्वी यादव का यह बयान अप्रत्यक्ष रूप से केंद्रीय मंत्री व स्थानीय सांसद चिराग पासवान पर तंज था। दरअसल, घटना से तीन दिन पहले चिराग पासवान भी इसी इलाके का दौरा करने पहुंचे थे, जहां उनके लिए विशेष और बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था की गई थी और वैशाली डीएम वर्षा सिंह खुद उनके साथ नाव पर सवार होकर जायजा लेने पहुंची थीं।


राजद नेताओं ने घटना को बताया साजिशपूर्व मंत्री शिवचंद्र राम ने की जांच की मांग 

इस पूरी घटना को लेकर राजद खेमे में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। राजद के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री शिवचंद्र राम ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बीच दरिया में नाव की हवा निकलना यह साफ दर्शाता है कि इस सरकार की ही हवा निकल चुकी है। उन्होंने इसे गंभीर जांच का विषय बताया। वहीं, अन्य राजद नेताओं ने तो यहां तक आरोप लगा दिया कि गरीब के मसीहा नेता को नुकसान पहुंचाने या उनकी सुरक्षा में सेंध लगाने की यह कोई सोची-समझी साजिश भी हो सकती है। पार्टी नेताओं का दावा है कि इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक दावों की पोल खुल गई है।


रिषभ की रिपोर्ट