सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों-कर्मियों पर हमला, मरीज के परिजनों इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को बेरहमी से पीटा
वैशाली जिले के बिदुपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीज के परिजनों द्वारा आपातकालीन ड्यूटी पर तैनात स्वास्थ्य कर्मियों की पिटाई किये जाने मामला सामने आया है। घटना में एक स्वास्थ्यकर्मी बुरी तरह घायल हुआ है....
Vaishali : जिले के बिदुपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) से स्वास्थ्य व्यवस्था को शर्मसार करने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है, जहां मरीज के परिजनों ने अस्पताल के भीतर घुसकर ऑन-ड्यूटी स्वास्थ्य कर्मियों पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हिंसक वारदात में इमरजेंसी वार्ड में तैनात एक स्वास्थ्य कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया है। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें साफ तौर पर देखा जा सकता है कि उपद्रवी अस्पताल के भीतर घुसकर स्वास्थ्य कर्मी को घेरकर बेरहमी से पीट रहे हैं।
धारदार हथियार से सिर पर वार, आंख और नाक के पास गहरे घाव
घायल स्वास्थ्य कर्मी की पहचान समलेश कुमार सिंह के रूप में हुई है, जो घटना के वक्त आपातकालीन (इमरजेंसी) सेवा में अपनी ड्यूटी पर तैनात थे। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद पीड़ित समलेश कुमार ने आपबीती बताते हुए कहा कि हमलावरों ने उनके सिर को निशाना बनाकर जानलेवा हमला किया। धारदार हथियार के वार से उनके सिर, आंख और नाक के पास गहरे जख्म आए हैं, जिससे घटनास्थल पर ही भारी मात्रा में खून बहने लगा और अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
बच्चे के इलाज के बहाने आए 15-20 उपद्रवियों ने मचाया उत्पाद
पीड़ित स्वास्थ्य कर्मी समलेश कुमार के अनुसार, विशुनपुर निवासी जवाहिर राय का पुत्र मनीष कुमार करीब 15 से 20 अन्य अज्ञात लोगों के साथ अस्पताल पहुंचा था। परिजनों का कहना था कि उनका बच्चा गर्म दाल में गिर गया था, जिसका वे इलाज कराने आए थे। इसी दौरान मनीष कुमार अचानक उग्र हो गया और इलाज कक्ष (ट्रीटमेंट रूम) का दरवाजा तोड़ने की कोशिश करने लगा। जब स्वास्थ्य कर्मी ने उन्हें रोकते हुए कहा कि वे यहां इलाज कराने आए हैं, तोड़फोड़ करने नहीं, तो आरोपी ने अचानक धारदार हथियार से हमला कर दिया।
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात, बिदुपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज
अस्पताल कर्मियों और डॉक्टरों पर हमला करने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। यह पूरी वारदात अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है, जिसके फुटेज को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। इस संबंध में घायल स्वास्थ्य कर्मी समलेश कुमार सिंह ने मुख्य आरोपी मनीष कुमार समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ बिदुपुर थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। स्थानीय पुलिस मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी में जुट गई है।