वैशाली में हैवानियत की हदें पार: हत्या के बाद शवों को लाठियों से पीटा, खून से लगाया तिलक
Vaishali : जिले के रजासन गांव से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक बेहद खौफनाक और जघन्य वारदात सामने आई है। यहां रास्ते पर लगे केले के पेड़ के मामूली विवाद को लेकर अपराधियों ने सरेआम पूरे गांव के सामने अंधाधुंध फायरिंग कर दो लोगों को गोलियों से छलनी कर दिया। इस दोहरे हत्याकांड ने न सिर्फ वैशाली बल्कि पूरे सूबे को दहला कर रख दिया है। घटना के बाद से ही पूरे इलाके में भारी तनाव और सन्नाटा पसरा हुआ है।
कत्ल के बाद खून से तिलक और शवों पर बर्बरता
इस वारदात में अपराधियों ने न केवल दो लोगों की बेरहमी से जान ली, बल्कि हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। हत्यारों का दिल कत्ल करने के बाद भी नहीं भरा; उन्होंने मृतकों के शरीर से निकले खून से अपना तिलक लगाया। इसके बाद जब दोनों पीड़ित तड़पकर दम तोड़ चुके थे, तब भी बेखौफ अपराधी लाशों पर लाठियां बरसाते रहे और मृत शरीरों को बेरहमी से पीटते रहे। अपराधियों का यह क्रूर चेहरा देख हर कोई दंग है।
बिलखते परिवार ने की 'फुल एनकाउंटर' की मांग
इस खौफनाक वारदात में अपने पिता मुनारिक राय और इकलौते भाई को खो चुकी बेटी रबीना का रो-रोकर बुरा हाल है। पीड़िता रबीना ने न्याय की गुहार लगाते हुए कहा कि उनका सबकुछ उजड़ चुका है और अब वे सरकार से सिर्फ 'खून के बदले खून' चाहती हैं। पीड़ित बेटी ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे दरिंदों का समाज में कोई स्थान नहीं होना चाहिए और पुलिस को इन अपराधियों का 'फुल एनकाउंटर' कर देना चाहिए।
फौजी की पत्नी ने मुख्यमंत्री से लगाई न्याय की गुहार
वहीं, इस घटना में जान गंवाने वाले मृतक फौजी जितेंद्र राय की पत्नी विभा देवी पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उन्होंने रोते हुए समाज की संवेदनहीनता पर सवाल उठाए कि जब उनके पति को सरेआम मारा जा रहा था, तब कोई भी बचाने नहीं आया और लोग तमाशा देखते रहे। विभा देवी ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से अपील की है कि समाज में एक कड़ा संदेश देने के लिए इन दबंग अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए ताकि आगे कोई फिर से पिस्टल लहराने की हिम्मत न कर सके।
एक आरोपी का 'हाफ एनकाउंटर', पुलिस की कार्रवाई जारी
इस दोहरे हत्याकांड ने वैशाली की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सरेआम हथियार लहराना और हत्या के बाद शवों के साथ बर्बरता करना अपराधियों में पुलिस के खत्म हो चुके खौफ को दर्शाता है। हालांकि, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक मुख्य आरोपी के दोनों पैरों में गोली मारकर उसका 'हाफ एनकाउंटर' कर दिया है। पीड़ित परिवार को सांत्वना देने के लिए नेताओं के दौरे और आर्थिक मदद की घोषणाएं शुरू हो चुकी हैं, लेकिन परिवार सिर्फ पूर्ण न्याय की मांग पर अड़ा है।