बाल कटाने पहुंचे युवक पर नाई ने उस्तरे से किया हमला, हालत गंभीर
Vaishali : जिले अंतर्गत बेलसर थाना क्षेत्र के हजपुरा गांव में शुक्रवार की देर शाम एक हैरान कर देने वाली हिंसक घटना सामने आई है। हजपुरा चौक स्थित एक नाई की दुकान पर बाल कटवाने पहुंचे 18 वर्षीय युवक पर नाई ने अचानक उस्तरे (अस्तुरा) से हमला कर दिया। इस जानलेवा हमले में युवक बुरी तरह घायल होकर खून से लथपथ हो गया। घटना के बाद दुकान और आसपास के इलाके में अचानक अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।
बाल काटने की बात पर शुरू हुआ विवाद
घायल युवक की पहचान हजपुरा निवासी रमेश सिंह के 18 वर्षीय पुत्र अभिषेक कुमार के रूप में हुई है। घटना के संबंध में अस्पताल में इलाज करा रहे अभिषेक ने बताया कि वह देर शाम हजपुरा चौक स्थित सैलून में बाल कटवाने गया था। दुकान में पहले से एक व्यक्ति बाल कटा रहा था। अभिषेक ने नाई से सिर्फ इतना कहा कि उसके बाद उसका भी बाल काट दे। इसी बात को लेकर नाई अकारण बहस और झगड़ा करने लगा। अभिषेक जब पास की कुर्सी पर बैठ गया, तो आक्रोशित नाई ने उस्तरे से उसके सिर और कनपटी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी बाईं तरफ की कनपटी पर गंभीर चोट आई है।
लालगंज से हाजीपुर सदर अस्पताल रेफर
सैलून में मची चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। घटना की सूचना तुरंत बेलसर थाना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने आनन-फानन में घायल अभिषेक को इलाज के लिए लालगंज रेफरल अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी बिगड़ती स्थिति और गंभीर चोट को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है।
इलाके में तनाव, पुलिस ने संभाली स्थिति
सैलून के भीतर हुई इस हिंसक घटना के बाद गांव और स्थानीय बाजार में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया। हालांकि, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में लिया। फिलहाल इलाके में शांति बनी हुई है और पुलिस बल एहतियातन गश्त कर रहा है।
मामले की जांच में जुटे SDPO-2 गोपाल मंडल
मामले की जानकारी देते हुए सदर एसडीपीओ-2 (SDPO-2) लालगंज गोपाल मंडल ने बताया कि हजपुरा चौक स्थित नाई की दुकान में युवक के उस्तरा लगने से घायल होने की सूचना मिली थी। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस घायल युवक का आधिकारिक बयान दर्ज कर रही है। बयान और जांच के आधार पर ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि चोट जानबूझकर हमले में मारी गई है या किसी हादसे के कारण लगी है। जांच के बाद दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रिषभ की रिपोर्ट