Bihar Missing Sailor: होरमुज में मिसाइल हमले के बाद बिहार का सुमित लापता, 5 दिन से सुराग नहीं, परिजनों ने किया प्रतीकात्मक अंतिम संस्कार

Bihar Missing Sailor: होरमुज जलडमरूमध्य में समुद्री जहाज पर हुए मिसाइल हमले के बाद वैशाली का युवक सुमित सिंह पांच दिनों से लापता है।...

Bihar Missing Sailor: होरमुज में मिसाइल हमले के बाद बिहार का
बिहार का क्रू मेंबर लापता- फोटो : reporter

Bihar Missing Sailor: होरमुज जलडमरूमध्य में समुद्री जहाज पर हुए मिसाइल हमले के बाद वैशाली का युवक सुमित सिंह पांच दिनों से लापता है। सुमित के नहीं मिलने से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। लगातार इंतजार और किसी ठोस जानकारी के अभाव में परिजनों ने पुतला बनाकर उसका प्रतीकात्मक अंतिम संस्कार कर दिया। परिवार का आरोप है कि घटना के बाद से अब तक उन्हें आधिकारिक तौर पर सुमित के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है।

वैशाली के भगवानपुर थाना क्षेत्र के किरतपुर राजाराम गांव निवासी सुमित सिंह की घटना से करीब चार-पांच घंटे पहले परिवार से आखिरी बार बातचीत हुई थी। बताया गया कि सुमित ने कहा था कि वह होरमुज के संवेदनशील समुद्री क्षेत्र से गुजर रहा है और वहां से निकलने के बाद दोबारा बात करेगा। इसके बाद उसका फोन नहीं आया। कुछ समय बाद जहाज पर मिसाइल हमले की खबर सामने आई।

परिजनों के अनुसार, हमले के बाद जहाज पर सवार 14 क्रू मेंबर में से 13 लोगों को रेस्क्यू कर लिया गया, जबकि सुमित लापता रहा। परिवार का कहना है कि उसके साथ काम करने वाले एक सहयोगी ने सुमित के जीवित नहीं होने की आशंका जताई है, लेकिन सरकार या संबंधित अधिकारियों की ओर से उन्हें अब तक कोई स्पष्ट पुष्टि नहीं मिली है।

परिजन ओमान स्थित भारतीय दूतावास और गृह मंत्रालय समेत संबंधित अधिकारियों से संपर्क की कोशिश कर रहे हैं।लगातार परिजन ओमान दूतावास से लेकर गृह मंत्रालय तक से सम्पर्क कर रहे है लेकिन कहीं से कोई रिस्पांस नहीं मिल रहा है जिससे परेशान परिजनों ने सुमित का अंतिम संस्कार कर दिया उनका कहना है कि जवाब नहीं मिलने से उनकी बेचैनी बढ़ती जा रही है। सुमित शादीशुदा है और उसके दो छोटे बच्चे हैं। वह पिछले पांच-छह वर्षों से इस क्षेत्र में काम कर रहा था और मई में इस जहाज पर गया था।

12 सितंबर की देर रात विदेशी कॉमर्शियल तेल टैंकर MT EIAIA (IMO-9325336) पर हमले के बाद से सुमित के इंजन क्षेत्र में फंसे होने और संभावित मौत की आशंका को लेकर परिवार सदमे में है। परिजनों की मांग है कि सुमित के संबंध में जल्द आधिकारिक और स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराई जाए।

रिपोर्ट- ऋषभ कुमार