बाइक चोरी गिरोह का भंडाफोड़, दिनदहाड़े बाजार से ऐसे चुराते थे बाइक, रंगे हाथो लालगंज में धराए

Bike theft in Lalganj
Bike theft in Lalganj- फोटो : news4nation

लालगंज थाना क्षेत्र के लगड़ीपाकड़ सब्जी मंडी में लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं से परेशान लोगो को गुरुवार को बड़ी राहत मिली, जब एक शातिर चोर को बाइक चोरी करते रंगे हाथ पकड़ लिया गया। लगातार सब्जी मंडी में बाइक चोरी की घटनाएं बढ़ने के कारण सब्जी विक्रेताओं और ग्राहकों में दहशत का माहौल बना हुआ था। चोरी की घटनाओं से त्रस्त होकर मंडी के दुकानदार और ग्राहक पहले से ही सतर्क थे और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थे। 


इसी दौरान गुरुवार को चोर अपने गिरोह के साथ फिर मंडी पहुंचा और एक बाइक का लॉक तोड़ने की कोशिश करने लगा। तभी मंडी मालिक की नजर उस पर पड़ गई और शोर मचाने पर मौके पर मौजूद लोगों ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। चोर के पकड़े जाने के बाद मंडी में अफरा-तफरी मच गई और भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों द्वारा हल्की पिटाई की भी सूचना है। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।


पकड़े गए चोर की पहचान सारण जिले के मढ़ौरा थाना क्षेत्र अंतर्गत विक्रमपुर निवासी शत्रुघ्न सिंह के पुत्र दीपू कुमार सिंह के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान उसने पुलिस के सामने स्वीकार किया कि वह पहले भी इस मंडी से बाइक चोरी कर  चुका है और चोरी की गई गाड़ियों को मुजफ्फरपुर बेचने का काम करता था।


बताया जा रहा है कि मंडी में लगे सीसीटीवी कैमरों में पहले की चोरी की घटनाओं में भी वही चोर कैद हुआ था, जिसके आधार पर मंडी के लोग पहले से ही उस पर नजर रखे हुए थे। गुरुवार को जैसे ही वह फिर मंडी में दिखाई दिया, लोग सतर्क हो गए और अंततः उसे चोरी करते हुए पकड़ लिया। चोर ने यह भी खुलासा किया कि वह अपने एक साथी सुभाष सिंह का बेटा सुमित सिंह के साथ हरियाणा नंबर वैगनआर चारपहिया वाहन से मंडी आता था और आज भी आया था । हालांकि इस बार उसका साथी मौके से फरार होने में सफल रहा।


सूचना मिलते ही लालगंज पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर थाने ले गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। इस घटना के बाद मंडी के व्यवसायियों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।

ऋषभ की रिपोर्ट