निर्माणाधीन मकान से 3 दिन पुराना युवक का शव बरामद, एसपी ने खुद संभाली जांच की कमान
वैशाली जिले के औद्योगिक थाना क्षेत्र स्थित एक निर्माणाधीन मकान से युवक का शव बरामद होने के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही एसपी शुभांक मिश्रा स्वयं दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया...
Vaishali : जिले के औद्योगिक थाना क्षेत्र अंतर्गत राजपूत नगर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक निर्माणाधीन मकान से युवक का शव बरामद होने के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। शव की स्थिति को देखकर आशंका जताई जा रही है कि वह करीब तीन दिन पुराना है। घटना की गंभीरता को देखते हुए वैशाली के पुलिस अधीक्षक (SP) शुभांक मिश्रा स्वयं दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस छावनी में तब्दील हुआ इलाका, भीड़ जुटने के बाद छानबीन शुरू
राजपूत नगर स्थित निर्माणाधीन मकान में शव मिलने की खबर जंगल में आग की तरह फैली, जिसके बाद देखते ही देखते स्थानीय लोगों की भारी भीड़ वहां जमा हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर औद्योगिक थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को सील करते हुए उसे पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने तुरंत साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
मृतक की हुई पहचान, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया सदर अस्पताल
मृतक युवक की शिनाख्त भगवानपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले पंकज कुमार के रूप में की गई है। पुलिस की शुरुआती तफ्तीश में सामने आया है कि शव लगभग तीन दिन पुराना है, जिससे बदबू भी आ रही थी। पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही समय और कारणों का सटीक खुलासा हो सकेगा।
एसपी ने अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश, साक्ष्य जुटाने में जुटी पुलिस
घटनास्थल पर पहुंचे एसपी शुभांक मिश्रा ने मामले की कमान संभालते हुए मातहत अधिकारियों से पूरी घटना का ब्यौरा लिया। उन्होंने एफएसएल एवं तकनीकी टीम को सूक्ष्मता से साक्ष्य एकत्र करने के निर्देश दिए। एसपी ने आसपास के दुकानदारों और स्थानीय निवासियों से भी पूछताछ की ताकि यह पता चल सके कि पंकज कुमार अंतिम बार कब और किसके साथ देखा गया था।
हत्या या आत्महत्या? सभी कोणों से जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस इस मामले को हत्या, आत्महत्या और रंजिश समेत सभी संभावित पहलुओं से जोड़कर देख रही है। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण सुराग सुरक्षित किए गए हैं और मृतक के परिजनों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। अधिकारियों ने दावा किया है कि वैज्ञानिक अनुसंधान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले की तह तक पहुंचकर बहुत जल्द घटना का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।
रिषभ की रिपोर्ट