कोल्ड स्टोर के पानी से भरे गड्ढे से बरामद हुआ लापता युवक का शव, मचा हड़कंप
वैशाली जिले के बिदूपुर थाना क्षेत्र स्थित एक कोल्ड स्टोर के पानी भरे गड्डे से युवक का शव बरामद हुआ। मृतक पिछले तीन दिनों से लापता था। लाश मिलने की सूचना के बाद हड़कंप मच गया। युवक की मौत कैसे हुई पुलिस इसकी जांच मे जुटी है.....
Vaishali : जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक कोल्ड स्टोर परिसर में बने पानी से भरे गहरे गड्ढे में युवक का शव तैरता हुआ मिला। मृतक की पहचान बिदुपुर के माइल पकड़ी गांव (वार्ड नंबर-3) निवासी सुरेश राम के 18 वर्षीय पुत्र दीपक कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, दीपक का मानसिक संतुलन ठीक नहीं था और वह पिछले तीन दिनों से लापता था।
20 फीट गहरे गड्ढे में तैरता मिला शव
स्थानीय निवासी सुरेंद्र ठाकुर और परिजनों ने बताया कि दीपक की काफी खोजबीन की जा रही थी, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल रहा था। सोमवार को सूचना मिली कि कोल्ड स्टोर में साईं धर्म कांटा के सामने बने लगभग 20 फीट गहरे और पानी से लबालब भरे गड्ढे में एक शव तैर रहा है। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त की। कोल्ड स्टोर मालिक का कहना है कि युवक कब परिसर में दाखिल हुआ और गड्ढे में कैसे गिरा, इसकी जानकारी किसी को नहीं थी।
पुलिस और FSL टीम ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही बिदुपुर थाना प्रभारी रवि प्रकाश पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए विशेष जांच के लिए फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को मौके पर बुलाया गया, जिसने साक्ष्य जुटाए।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को अपने कब्जे में लिया और शव वाहन से हाजीपुर सदर अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल की जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रिषभ की रिपोर्ट