वैशाली में पूर्व मुखिया के घर पर बमबाजी और अंधाधुंध फायरिंग, इलाके में सनसनी

वैशाली जिले के जंदाहा थाना क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या 12 में बीती देर रात अपराधियों ने भारी तांडव मचाया। बदमाशों ने पूर्व मुखिया के घर के पास ताबड़तोड़ फायरिंग और बमबाजी की। घटना के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है...

वैशाली में पूर्व मुखिया के घर पर बमबाजी और अंधाधुंध फायरिंग,
पूर्व मुखिया के घर के पास ताबड़तोड़ फायरिंग - फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : जिले के जंदाहा थाना क्षेत्र अंतर्गत मुकुंदपुर भाथ पंचायत के वार्ड संख्या 12 में बीती देर रात करीब डेढ़ बजे अपराधियों ने भारी तांडव मचाया। बदमाशों ने पूर्व मुखिया शंभू यादव के घर के पास ताबड़तोड़ फायरिंग की और एक के बाद एक चार बम फेंके। इनमें से तीन बम जोरदार धमाके के साथ फट गए, जिससे पूरा इलाका थर्रा उठा और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।


मौके पर पहुंची पुलिस, एक जिंदा बम बरामद

घटना की जानकारी मिलते ही जंदाहा थाना अध्यक्ष अनामिका कुमारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचीं और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से एक अनफटा जिंदा बम बरामद किया है, जिसे निष्क्रिय करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्राथमिक जांच में पुलिस का मानना है कि इस दुस्साहसिक वारदात का मुख्य मकसद इलाके में खौफ और दहशत कायम करना था।


पुरानी रंजिश और कीचड़ उछलने के विवाद से जुड़े तार

स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इस बमबारी और गोलीबारी के पीछे दो गुटों के बीच चल रही पुरानी रंजिश बताई जा रही है। घटना की शुरुआत करीब 15 दिन पहले जंदाहा बाजार के कुशवाहा चौक पर हुई थी, जहां जलजमाव के दौरान एक ट्रक के गुजरने पर कीचड़ उछल गया था। इसके बाद स्थानीय लोगों ने ट्रक चालक की जमकर पिटाई कर दी थी, जिससे दोनों पक्षों में तनाव पैदा हो गया था।


यज्ञ मेले में मारपीट के बाद बदला लेने की नीयत से वारदात

इसी विवाद का बदला लेने के लिए ट्रक चालक के परिजनों ने मुकुंदपुर भाथ गांव में आयोजित नौ दिवसीय यज्ञ मेले में आए कुशवाहा चौक के कुछ युवकों की पिटाई कर दी थी। माना जा रहा है कि मेले में हुई इसी मारपीट की जवाबी कार्रवाई के तहत कुशवाहा चौक के लोगों ने पूर्व मुखिया के घर के समीप बमबाजी और फायरिंग कर बदला लेने तथा दहशत फैलाने की साजिश रची।


SDPO का बयान: मामले की जांच जारी, संदिग्धों पर नजर

मामले की गंभीरता पर महुआ एसडीपीओ संजीव कुमार ने बताया कि देर रात करीब 2 बजे घटना की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर एक जिंदा बम बरामद किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि घटना का कोई सीधा चश्मदीद सामने नहीं आया है, लेकिन स्थानीय लोग जिन पर आरोप लगा रहे हैं, उनके खिलाफ पूर्व के विवाद का मामला दर्ज है। पुलिस नामजद संदिग्धों की भूमिका की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।


रिषभ की रिपोर्ट