किराना दुकानदार के घर पर बमबाजी : दो जिंदा बम बरामद, इलाके मे दहशत

वैशाली जिले के सदर थाना क्षेत्र का मदारपुर इलाका बीते देर रात बम धमाकों से गूंज उठा। बीती देर रात अज्ञात बदमाशों ने एक किराना दुकानदार के घर को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ बमबाजी की....

किराना दुकानदार के घर पर बमबाजी : दो जिंदा बम बरामद, इलाके म
किराना दुकानदार के घर पर बमबाजी- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत मदारपुर में बीते देर रात अज्ञात बदमाशों ने एक किराना दुकानदार के घर को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ बमबाजी की। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। राहत की बात यह रही कि इस हिंसक हमले में कोई हताहत नहीं हुआ और परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित हैं। घटना के बाद से स्थानीय लोगों में असुरक्षा और भय का माहौल है।


ट्रक का टायर फटने का हुआ भ्रम, सुबह दिखे अवशेष

पीड़ित मकान मालिक उदय मिश्रा ने बताया कि देर रात करीब 12 से 1 बजे के बीच अचानक उनके दरवाजे पर जोरदार धमाके हुए। बदमाशों ने एक के बाद एक कुल चार बम फेंके। शुरुआत में धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि परिवार को लगा जैसे किसी ट्रक का टायर फटा हो या फिर किसी ने पटाखे छोड़े हों। लेकिन सुबह जब वे बाहर निकले, तो दरवाजे पर सुतली, शीशे के टुकड़े और गमलों में लगे फूल के पौधे इधर-उधर बिखरे पड़े देख उनके होश उड़ गए।


घटनास्थल से मिले दो जिंदा बम, FSL और बम स्क्वाड मुस्तैद

घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस तुरंत दलबल के साथ मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करते हुए दो फटे हुए बमों के अवशेष और दो जिंदा सुतली बम बरामद किए। सुरक्षा के लिहाज से दोनों जिंदा बमों को निष्क्रिय करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल (FSL) टीम और बम स्क्वायड को भी मौके पर बुलाया गया है।


पुरानी रंजिश और सीसीटीवी से छेड़छाड़ का शक

सदर एसडीपीओ-1 सुबोध कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पीड़ित उदय मिश्रा ने परिसर में सुतली बम मिलने और रात में धमाकों की आवाज आने की शिकायत की थी। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि इस परिवार का पुराना विवाद चला आ रहा है और उदय मिश्रा के बेटे पर पहले से ही 3 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। जांच के दौरान घर में लगा सीसीटीवी कैमरा भी क्षतिग्रस्त पाया गया है, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि साक्ष्य मिटाने के लिए कैमरे के साथ छेड़छाड़ की गई है।


बेटे की हत्या की साजिश का आरोप, सुरक्षा की गुहार

दूसरी ओर, पीड़ित उदय मिश्रा ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके पुत्र की हत्या करने की साजिश रची जा रही है, जिसके संबंध में पहले भी सदर थाने में सनहा (शिकायत) दर्ज कराया जा चुका है। उन्होंने जिले के एसपी और डीएसपी से परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है। साथ ही आरोप लगाया कि इलाके में अवैध सामान और नशीले पदार्थों की खुलेआम बिक्री होती है, जिससे अपराध बढ़ रहा है। फिलहाल पुलिस घरवालों से पूछताछ कर साक्ष्य इकट्ठा करने में जुटी है।

रिषभ की रिपोर्ट