रेड कार्पेट से होगा छठव्रतियों का स्वागत, दुल्हन की तरह सजाए गए सभी 32 घाट; एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीम तैनात

वैशाली जिला मुख्यालय हाजीपुर में छठ पूजा को लेकर भव्य तैयारी की गई है। मधुबनी पेंटिंग और नशामुक्ति जागरूकता पोस्टरों से घाट संवारे गए है। एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं के जुटने की उम्मीद के बीच 400 से अधिक स्थानों पर दंडाधिकारी प्रतिनियुक्त

रेड कार्पेट से होगा छठव्रतियों का स्वागत, दुल्हन की तरह सजाए
रेड कार्पेट से होगा छठव्रतियों का स्वागत- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : लोक आस्था के चार दिवसीय महापर्व छठ को लेकर वैशाली जिले के मुख्यालय हाजीपुर में प्रशासनिक और सामाजिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। श्रद्धालुओं और व्रतियों की सुविधा व सम्मान को ध्यान में रखते हुए हाजीपुर के सभी 32 प्रमुख घाटों को दुल्हन की तरह सजाया गया है। इस बार की सबसे खास बात यह है कि सभी घाटों पर छठव्रतियों के भव्य स्वागत के लिए रेड कार्पेट बिछाया गया है, जिससे व्रतियों को घाट तक पहुंचने में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और उन्हें एक विशेष सम्मान का अनुभव हो।


मधुबनी पेंटिंग और नशामुक्ति के संदेशों से आकर्षण का केंद्र बने घाट

घाटों के सौंदर्यीकरण में बिहार की समृद्ध कला और सामाजिक सरोकारों का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। पूरे घाट परिसर में पारंपरिक मधुबनी पेंटिंग के जरिए आकर्षक चित्रकारी की गई है, जो छठव्रतियों के साथ-साथ आम श्रद्धालुओं के लिए भी आकर्षण का मुख्य केंद्र बनी हुई है। इसके अतिरिक्त, पूरे घाट पर नशामुक्ति अभियान को सफल बनाने वाले जागरूकता पोस्टर और बैनर लगाए गए हैं, ताकि आस्था के इस महान पर्व के माध्यम से समाज में नशामुक्ति और स्वच्छता का सकारात्मक संदेश भी प्रसारित किया जा सके।


महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम, शौचालय और सीसीटीवी से लैस नियंत्रण कक्ष तैयार

छठव्रतियों की सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नदी किनारे मजबूत बैरिकेडिंग कराई गई है, ताकि कोई भी श्रद्धालु गहरे पानी में न जा सके। महिला व्रतियों की सुविधा के लिए सभी घाटों पर पर्याप्त संख्या में अस्थायी चेंजिंग रूम और शौचालयों का निर्माण कराया गया है। इसके अलावा, पूरे घाट परिसर की निगरानी के लिए जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और एक विशेष नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) भी स्थापित किया गया है, जहां से वरिष्ठ अधिकारी लगातार हर गतिविधि की मॉनिटरिंग करेंगे।


एक लाख से अधिक लोगों के जुटने की उम्मीद, एसडीआरएफ और गोताखोरों की तैनाती

तैयारियों के संबंध में जानकारी देते हुए वैशाली की जिलाधिकारी (डीएम) वर्षा सिंह ने बताया कि इस बार हाजीपुर के घाटों पर एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। इसी को ध्यान में रखते हुए सभी छठ घाटों को आकर्षक और सुरक्षित रूप से तैयार किया गया है। किसी भी आपातकालीन स्थिति या जल दुर्घटना से निपटने के लिए सभी संवेदनशील घाटों पर एसडीआरएफ (SDRF) की टीमों के साथ-साथ प्रशिक्षित स्थानीय गोताखोरों और नावों की भी तैनाती की गई है।


400 से अधिक स्थानों पर पुलिस और दंडाधिकारी तैनात, डीएम ने दी शुभकामनाएं

जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने समस्त जिलेवासियों को लोक आस्था के महापर्व छठ की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पर्व के दौरान शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। पूरे जिले में लगभग 400 से अधिक चिन्हित संवेदनशील स्थलों और घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल के साथ-साथ दंडाधिकारियों (मजिस्ट्रेट) की प्रतिनियुक्ति की गई है। प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे निर्धारित सुरक्षा मानकों और बैरिकेडिंग के नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाएं।


रिषभ की रिपोर्ट