Bihar News : शोभायात्रा के दौरान डीजे ट्राली की चपेट में आने से बच्चे की हुई मौत, इलाके में मची अफरा तफरी
Bihar News : शोभायात्रा के दौरान डीजे ट्राली की चपेट में आने से एक किशोर की मौत हो गयी. जिससे परिजनों में कोहराम मच गया है....पढ़िए आगे

VAISHALI : जिले के नगर थाना क्षेत्र के थाना चौक के निकट रामनवमी शोभा यात्रा में बज रही डीजे ट्रॉली की चपेट में आने से एक 12 वर्षीय किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। किशोर की मौत हो जाने से मौके पर अफरा तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों द्वारा घटना की सूचना नगर थाने की पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया। हादसे के बाद डीजे ट्रॉली लेकर मौके से फरार हो गया।
मृतक की पहचान नगर थाना क्षेत्र के अनवरपुर चौक निवासी मनोज पासवान के 12 वर्षीय पुत्र चिन्टी कुमार बताया गया है। जानकारी के अनुसार रामनवमी के अवसर पर शोभा यात्रा निकाली गई थी। शोभा यात्रा राजेंद्र चौक होते हुए जैसे ही थाना चौक के करीब पहुंचा की थाना चौक के पास शोभा यात्रा में बज रही डीजे ट्रॉली के चपेट में एक किशोर आ गया। घटना के बाद अफरा तफरी मच गई। आनन फानन में स्थानीय लोगों द्वारा किशोर को इलाज के लिए सदर अस्पताल में लाया गया। जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने किशोर को मृत्यु घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी सदर अस्पताल पहुंच गए। सदर अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह घटना प्रशासन की लापरवाही से हुई है। शोभा यात्रा के दौरान डीजे ट्रॉली पर रोक लगाया गया था। फिर शोभा यात्रा में डीजे ट्रॉली कैसे बज रही थी। प्रशासन यदि एक्टिव रहती तो यह हादसा नहीं होता । नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंचे पूरे मामले की जांच पड़ताल करने में लगी है। पुलिस पता कर रही है कि किस संगठन का शोभायात्रा जा रहा था। और उसमें किस कंपनी का डीजे ट्रॉली बज रहा था। पुलिस ने किशोर के शव को कागजी कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल में भेज दिया है। इस संबंध में नगर थाना अध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि रामनवमी शोभा यात्रा में शामिल होने आए किशोर की वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। परिजनों द्वारा अभी तक लिखित आवेदन नहीं मिला है। आवेदन प्राप्त होते ही कार्रवाई की जाएगी।
वैशाली से ऋषभ की रिपोर्ट