Bihar News: आधी रात में आग का कहर, शॉर्ट सर्किट से धधकी गौशाला, ग्रामीणों ने बचाई जानें

Bihar News: बिजली के शॉर्ट सर्किट से भीषण आग भड़क उठी।...

Cowshed engulfed in flames at midnight
आधी रात में आग का कहर- फोटो : reporter

Bihar News: देर रात अचानक लगी आग ने पूरे गांव में अफरा-तफरी मचा दी। मामला वैशाली के  गोरौल थाना क्षेत्र के सोंधो डीह गांव का है, जहां एक गौशाला में बिजली के शॉर्ट सर्किट से भीषण आग भड़क उठी।

जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी जितेंद्र कुमार ने अपने पशुओं को गौशाला में बांध रखा था और खुद घर में सो रहे थे। इसी दौरान देर रात अचानक गौशाला से उठती आग की लपटों ने पूरे इलाके को दहला दिया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही पलों में हालात बेकाबू होते नजर आने लगे।

आग लगते ही गांव में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के लोग दौड़ पड़े और बिना अपनी जान की परवाह किए गौशाला में बंधे पशुओं को बाहर निकालने में जुट गए। ग्रामीणों ने एकजुट होकर बोरिंग पंप सेट के जरिए आग बुझाने की जद्दोजहद शुरू कर दी।

इसी बीच घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह अग्निकांड बिजली के शॉर्ट सर्किट की वजह से हुआ, जिसने पल भर में गौशाला को अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि राहत की बात यह रही कि समय रहते सभी पशुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी प्रकार की जान-माल की क्षति नहीं हुई।

इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण इलाकों में बिजली सुरक्षा और सतर्कता की जरूरत को उजागर कर दिया है। अगर थोड़ी भी देर होती, तो यह हादसा और भयावह रूप ले सकता था।

रिपोर्ट-ऋषभ कुमार