Bihar Police: डायल 112 खुद बनी हादसे का शिकार! पेड़ से टकराई पुलिस गाड़ी, चार जवान जख्मी, दो की हालत नाज़ुक
Bihar Police:कानून की हिफाज़त में दौड़ने वाली डायल 112 की गाड़ी खुद एक दर्दनाक हादसे का शिकार हो गई।....
Bihar Police: कानून की हिफाज़त में दौड़ने वाली डायल 112 की गाड़ी खुद एक दर्दनाक हादसे का शिकार हो गई। हाजीपुर–महुआ मुख्य मार्ग पर सराय थाना क्षेत्र के रानी पोखर मवेशी बाजार के पास तेज रफ्तार में जा रही डायल 112 की गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चार पुलिसकर्मी बुरी तरह जख्मी हो गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जोरदार आवाज सुनकर आसपास के स्थानीय लोग दौड़ते हुए घटनास्थल पर पहुंचे। लोगों ने मानवता दिखाते हुए बिना देर किए घायल पुलिसकर्मियों को गाड़ी से बाहर निकाला और एंबुलेंस व निजी वाहनों की मदद से सदर अस्पताल पहुंचाया। साथ ही घटना की सूचना सराय थाना पुलिस को दी गई।
घायलों की पहचान सराय थाना में कार्यरत सिपाही अमरजीत कुमार, डायल 112 के चालक पंकज कुमार, श्यामलाल मरांडी और सुमन कुमार के रूप में हुई है। डॉक्टरों के मुताबिक चालक पंकज कुमार और सिपाही अमरजीत कुमार की हालत गंभीर बनी हुई है, जिनका इलाज लगातार चल रहा है। वहीं दो अन्य जवानों को आंशिक चोटें आई हैं और वे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही सराय थाना पुलिस और वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कराया गया।
इस संबंध में सराय थाना अध्यक्ष मणि भूषण कुमार ने बताया कि रानी पोखर मवेशी बाजार से आगे एक अज्ञात ट्रक ने डायल 112 की गाड़ी को अचानक चकमा दे दिया। ट्रक को बचाने के प्रयास में चालक ने नियंत्रण खो दिया और गाड़ी सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। उस वक्त वाहन में चार पुलिसकर्मी तैनात थे।
थाना अध्यक्ष ने बताया कि होमगार्ड जवान अमरजीत कुमार और चालक पंकज कुमार को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि श्यामलाल मरांडी और सुमन कुमार को हल्की चोटें लगी हैं। अज्ञात ट्रक की पहचान और उसकी तलाश के लिए आसपास के इलाकों में जांच-पड़ताल और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
दिनदहाड़े हुए इस हादसे ने एक बार फिर सड़कों पर बेलगाम रफ्तार और भारी वाहनों की लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कानून की रखवाली में निकले जवानों पर यूं आफ़त टूट पड़ेगी, किसी ने सोचा भी नहीं था।
रिपोर्ट- ऋषभ कुमार