Bihar News : वैशाली में वेतन नहीं मिलने से फीकी रही तीन हजार पुलिसकर्मियों की दीपावली, कहा-आश्वासन के बाद भी नहीं मिली सैलरी
Bihar News : दीपावली का पावन पर्व जहां आम लोगों के लिए खुशियों, रोशनी और उमंग का प्रतीक रहा, वहीं वैशाली जिले के पुलिसकर्मियों के लिए यह त्योहार बेहद फीका और निराशाजनक साबित हुआ....पढ़िए आगे
VAISHALI : दीपावली का पर्व जहां आम लोगों के लिए खुशियों और रोशनी का प्रतीक रहा, वहीं जिले के पुलिसकर्मियों के लिए यह पर्व फीका साबित हुआ. जिले के करीब तीन हजार पुलिसकर्मियों को अक्टूबर महीने की सैलरी दीपावली तक नहीं मिल पाई, जिससे उनका त्योहार ठीक से नहीं मन पाया. जिले के एसपी से लेकर कांस्टेबल तक, किसी को भी सैलरी नहीं मिली है. इससे पुलिस कर्मियों में आक्रोश है. पुलिस कर्मियों द्वारा बताया गया कि जांच के बाद भी दिवाली में सैलरी जारी करने का आश्वासन संबंधित विभाग द्वारा दिया गया था, बावजूद इसके दिवाली में वेतन जारी नहीं किया गया.
तीन हजार पुलिस परिवारों की दिवाली रही फीकी
सैलरी नहीं मिलने का असर सीधे तौर पर करीब तीन हजार पुलिस परिवारों पर पड़ा. दीपावली जैसे बड़े पर्व पर सैलरी नहीं मिलने से पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों में मायूसी छाई रही. नाम नहीं छापने की शर्त पर एक पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि इस बात को लेकर पहले ही अधिकारियों को अवगत कराया गया था. दीपावली से पहले सैलरी जारी करने की मांग की गई थी, आश्वासन भी मिला था. लेकिन इसके बावजूद सैलरी खाते में नहीं आ पाई. त्योहार के दिन भी हम ड्यूटी पर थे, वर्दी पहन कर सड़क पर पसीना बहा रहे थे, लेकिन हमारे घरों में दिवाली को लेकर कोई उत्साह नहीं था. सैलरी नहीं मिलने से घर-परिवार में काफी परेशानी हुई. बच्चों के लिए नए कपड़े, मिठाई, पटाखे और घर की अन्य जरूरी खरीदारी प्रभावित हुई.
06 नवंबर को जांच पूरी होने के बाद भी नहीं जारी हुई सैलरी, कर्मियों में नाराजगी
मालूम हो कि वित्त विभाग के पत्र के आलोक में डीएम द्वारा गठित टीम में शामिल जिला स्थापना उप समाहर्ता एवं वरीय कोषागार पदाधिकारी द्वारा एक जांच की गई थी. इस जांच टीम ने एचआरएमएस पोर्टल के माध्यम से किए जा रहे वेतन भुगतान को लेकर जांच की गई. जांच में 67 कर्मियों के वेतन भुगतान में त्रुटि मिली है. वहीं चौकीदार-दफादार के वेतन की जांच पूरा अभिलेख नहीं मिलने के कारण पूरी नहीं हो सकी. इसको लेकर डीएम ने वरीय पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर जुलाई 2022 से अब तक की संपूर्ण जांच की बात कही है. डीएम के आदेश पर गठित जांच टीम ने मार्च 2026 से सितंबर 2026 तक के वेतन भुगतान की जांच की थी. समीक्षा में सामने आया कि स्वीकृत बल 4310 के विरुद्ध वर्तमान में 2928 कर्मी कार्यरत हैं. इनके वेतन भुगतान की जांच में कतिपय त्रुटियां पाई गईं, जिनके समायोजन व वसूली की आवश्यकता है.
जांच पूरी होने के बाद भी अटकी सैलरी
इस मामले को लेकर पुलिस महकमे में चर्चा तेज है. पुलिस पदाधिकारियों ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि वित्त विभाग द्वारा जांच के क्रम में यही निर्देश था कि जांच के बावजूद दिवाली में पुलिसकर्मियों के वेतन पर रोक नहीं हो. बिहार के सभी जिलों के पुलिसकर्मियों वेतन मिला, केवल वैशाली को छोड़ कर. कर्मियों में इस बात को लेकर नाराजगी है. हालांकि पुलिसकर्मियों को उम्मीद है कि जल्द ही उनकी सैलरी खाते में आ जाएगी.
ऋषभ की रिपोर्ट