Bihar Flood: आधी रात में रिंग बांध पर मंडराया बड़ा खतरा, खटिया पर बैठकर DM वर्षा सिंह रातभर देती रहीं निर्देश , सुबह 4 बजे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन
Bihar Flood: गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर के बीच हाजीपुर के लालगंज प्रखंड में बुधवार रात बड़ा खतरा पैदा हो गया। ...
Bihar Flood: गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर के बीच हाजीपुर के लालगंज प्रखंड में बुधवार रात बड़ा खतरा पैदा हो गया। यूसुफपुर पंचायत के पीरापुर वार्ड नंबर-5 में रिंग बांध पर कई जगह रिसाव और कटाव शुरू होने की सूचना से प्रशासन में हड़कंप मच गया। हालात की गंभीरता को देखते हुए वैशाली की डीएम वर्षा सिंह खुद आधी रात को मौके पर पहुंचीं और सुबह तक बचाव कार्य की निगरानी करती रहीं।
बताया जा रहा है कि रिंग बांध में रिसाव की सूचना मिलने के बाद प्रशासनिक अमला तत्काल सक्रिय हो गया। डीएम रात करीब 10 बजे मौके पर पहुंचीं और सुबह 4 बजे तक वहीं रहकर बचाव अभियान की निगरानी करती रहीं। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों और तकनीकी टीम को लगातार जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
रात के अंधेरे में जब रिंग बांध को बचाने के लिए जद्दोजहद चल रही थी, उस दौरान डीएम वर्षा सिंह भी मौके से नहीं हटीं। स्थानीय स्तर पर सामने आई जानकारी के मुताबिक, वह खटिया पर बैठकर लगातार अधिकारियों को निर्देश देती रहीं और बांध की स्थिति पर नजर बनाए रखीं।
प्रशासनिक अधिकारियों और तकनीकी टीम के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण भी बचाव कार्य में जुटे रहे। रिसाव और कटाव वाले स्थानों को चिह्नित कर वहां मिट्टी और अन्य सामग्री डालकर बांध को सुरक्षित करने का प्रयास किया गया। घंटों की मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया।
हजारों लोगों पर मंडरा रहा था बाढ़ का खतरा
रिंग बांध में रिसाव बढ़ने की स्थिति में आसपास के निचले इलाकों में पानी घुसने का खतरा था। ऐसे में रातभर चले अभियान के दौरान प्रशासन की प्राथमिकता बांध को सुरक्षित करना रही। समय रहते रिसाव को नियंत्रित किए जाने के बाद इलाके में बड़े पैमाने पर जलभराव का खतरा टल गया।बचाव कार्य के दौरान जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी और तकनीकी टीम ग्रामीणों के साथ मिलकर काम करते नजर आए। प्रशासन की ओर से रिंग बांध की स्थिति पर लगातार नजर रखने की व्यवस्था की गई है।
डीएम वर्षा सिंह ने संबंधित अधिकारियों को रिंग बांध पर 24 घंटे निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। साथ ही गंडक नदी के जलस्तर और संभावित खतरे वाले इलाकों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।गंडक के बढ़ते जलस्तर के बीच रिंग बांध में रिसाव की घटना ने आसपास के ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल प्रशासन की नजर बांध की मजबूती और नदी के जलस्तर पर बनी हुई है।
रिपोर्ट- ऋषभ कुमार