वैशाली मे पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़, पैर में गोली लगने से दो कुख्यात बदमाश गिरफ्तार

वैशाली जिले से पुलिस और अपराधियों के बीच एक बड़ी मुठभेड़ की खबर सामने आई है, जहां बालिगांव थाना क्षेत्र में पुलिस और STF की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अंतर्ज़िला गिरोह के दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है....

वैशाली मे पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़, पैर में गोली लग
पुलिस के साथ मुठभेड़ में दो कुख्यात को लगी गोली- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां बालिगांव थाना क्षेत्र में पुलिस और अपराधियों के बीच एक भीषण मुठभेड़ हुई। इस क्रॉस फायरिंग के दौरान पुलिस की गोली लगने से दो शातिर अपराधी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें मौके पर ही दबोच लिया गया। इस सनसनीखेज मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और घटनास्थल पर भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है।


समस्तीपुर के ताजपुर से पीछा कर रही थी एसटीएफ की टीम

जानकारी के मुताबिक, समस्तीपुर पुलिस और बिहार एसटीएफ (STF) की संयुक्त टीम को इन अपराधियों के मूवमेंट की गुप्त सूचना मिली थी। पुलिस टीम समस्तीपुर के ताजपुर इलाके से ही इन अपराधियों का लगातार पीछा कर रही थी। भागने के क्रम में जैसे ही अपराधी वैशाली के बालिगांव थाना क्षेत्र में पहुंचे, पुलिस ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया, जिसके बाद अपराधियों ने खुद को घिरता देख फायरिंग शुरू कर दी।


पैर में गोली लगने से हुए लाचार

अपराधियों की ओर से की गई फायरिंग के जवाब में पुलिस और एसटीएफ की टीम ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई में मुख्य अपराधी अमन साहनी के पैर में गोली लग गई, जिससे वह भागने में नाकाम रहा। इस मुठभेड़ में उसका दूसरा साथी भी पुलिस की गोली का शिकार होकर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद दोनों को हिरासत में ले लिया गया।


लूट के कई मामलों में थे वांछित

पकड़े गए अपराधियों में से मुख्य आरोपी अमन साहनी मुजफ्फरपुर जिले का रहने वाला बताया जा रहा है, जबकि उसका दूसरा घायल सहयोगी समस्तीपुर का निवासी है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, ये दोनों अपराधी अंतरजिला गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं और समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर व आसपास के जिलों में लूटपाट, डकैती और कई अन्य संगीन मामलों में लंबे समय से वांछित (वांटेड) चल रहे थे।


सदर अस्पताल में भर्ती, छावनी में बदला क्षेत्र

दोनों घायल अपराधियों को तुरंत कड़े पुलिस पहरे के बीच इलाज के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एनकाउंटर की सूचना मिलते ही वैशाली के पुलिस अधीक्षक (SP) शुभांक मिश्रा तुरंत भारी बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू कर दी। एहतियात के तौर पर पूरे क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


रिषभ की रिपोर्ट