अस्पताल से एंबुलेंस न मिलने पर ठेले पर शव ले जाने को मजबूर हुए परिजन, सिविल सर्जन ने दिए जांच के आदेश

वैशाली जिले लालगंज रेफरल अस्पताल की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, जिसमें अस्पताल से ऐंबुलेश नहीं मिलने पर परिजन डेड बॉडी को ठेले पर ले जाते नजर आ रहे है। हालांकि मामला सामने आने के बाद सिविल सर्जन जांच के आदेश दिए है....

अस्पताल से एंबुलेंस न मिलने पर ठेले पर शव ले जाने को मजबूर ह
अस्पताल से एंबुलेंस न मिलने पर ठेले पर शव ले जाने को मजबूर हुए परिजन- फोटो : रिषभ कुमार

Vaishali : बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था की बदहाली को उजागर करने वाली एक अत्यंत दुखद तस्वीर वैशाली जिले के लालगंज से सामने आई है। यहां लालगंज रेफरल अस्पताल में एक युवक की मौत के बाद अस्पताल प्रशासन द्वारा एंबुलेंस या शव वाहन उपलब्ध न कराए जाने पर परिजनों को भारी फजीहत झेलनी पड़ी। बेबस परिजनों को आखिरकार उसी हाथ-ठेले पर शव रखकर अपने घर ले जाने के लिए मजबूर होना पड़ा, जिस पर लादकर वे गंभीर हालत में युवक को इलाज के लिए अस्पताल लाए थे।


गड्ढे में गिरने से बिगड़ी थी युवक की हालत, परिजन ठेले पर लादकर पहुंचे थे अस्पताल 

घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि वैशाली के लालगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत कसेरा टोला (वार्ड संख्या-6) निवासी 31 वर्षीय मोनू कुमार अपने घर के पास अचानक संतुलन बिगड़ने से पानी से भरे एक गहरे गड्ढे में गिर गया। घटना के बाद परिजनों ने उसे अचेत अवस्था में पानी से बाहर निकाला। क्षेत्र में तत्काल कोई वाहन उपलब्ध न होने के कारण परिजन आनन-फानन में मोनू को हाथ-ठेले पर ही लिटाकर किसी तरह लालगंज रेफरल अस्पताल लेकर पहुंचे।


चिकित्सक ने घोषित किया मृत, वाहन न मिलने पर ठेले से ही घर लौटे परिजन 

अस्पताल पहुंचने पर प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. जया अम्बष्टा ने स्वास्थ्य जांच के बाद 31 वर्षीय मोनू कुमार को मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। इसके बाद पीड़ित परिवार ने शव को सम्मानपूर्वक घर ले जाने के लिए अस्पताल प्रबंधन से शव वाहन या एंबुलेंस की मांग की। परिजनों का आरोप है कि गुहार लगाने के बावजूद अस्पताल प्रशासन ने उन्हें कोई वाहन उपलब्ध नहीं कराया, जिसके बाद मजबूरी में वे रोते-बिलखते शव को ठेले पर लादकर घर लौटने को विवश हुए।


सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश 

ठेले पर शव ले जाने का यह ह्रदयविदारक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद आम लोगों का गुस्सा भड़क उठा। स्थानीय नागरिकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सरकारी अस्पतालों में एंबुलेंस और बुनियादी सुविधाओं के अभाव पर कड़े सवाल उठाए हैं। घटना को लेकर पूरे जिले में प्रशासनिक संवेदनहीनता के खिलाफ भारी आक्रोश देखा जा रहा है और लोग मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी अस्पताल कर्मियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।


वैशाली सिविल सर्जन ने दिए जांच के आदेश, लापरवाही मिलने पर कार्रवाई का आश्वासन 

मामले के तूल पकड़ने और सोशल मीडिया पर फजीहत के बाद स्वास्थ्य महकमा हरकत में आया है। पूरे प्रकरण पर प्रतिक्रिया देते हुए वैशाली के सिविल सर्जन ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश दे दिए गए हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि यदि जांच रिपोर्ट में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर या स्वास्थ्यकर्मियों की ओर से किसी भी प्रकार की लापरवाही या संवेदनहीनता सामने आती है, तो संबंधित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।


रिषभ की रिपोर्ट