72 किलो गांजा के साथ पांच तस्कर गिरफ्तार, नेपाल से लाई जा रही 20 लाख की यह खेप
मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ वैशाली पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर घेराबंदी कर दो लग्जरी गाड़ियों से 72 किलो गांजा जब्त किया है। वहीं पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है....
Vaishali : जिले की पुलिस को मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। मुजफ्फरपुर-हाजीपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-22) पर भगवानपुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर घेराबंदी कर दो लग्जरी गाड़ियों से 72 किलो गांजा जब्त किया है। बरामद किए गए गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 20 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके से तस्करी में शामिल गिरोह के पांच सक्रिय सदस्यों को रंगे हाथ धर दबोचा।
अड्डा चौक पर घेराबंदी कर दो वाहनों से बरामद हुआ गांजा
पुलिस को सटीक सूचना मिली थी कि तस्कर नेपाल के रास्ते मुजफ्फरपुर होते हुए मादक पदार्थों की एक बड़ी खेप पटना की ओर ले जाने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही भगवानपुर पुलिस ने एनएच-22 स्थित अड्डा चौक पर नाकेबंदी कर एक-एक वाहन की सघन तलाशी शुरू की। इसी दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर एक स्विफ्ट डिजायर कार और एक काले रंग की स्कॉर्पियो को रोककर जांच की, जिसमें छिपाकर रखा गया कुल 72 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
पटना जिले के रहने वाले हैं गिरफ्तार पांचों तस्कर
मामले की जानकारी देते हुए ग्रामीण एसपी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी पांचों तस्कर पटना जिले के निवासी हैं। ये सभी एक बड़े और संगठित मादक पदार्थ तस्करी गिरोह के सक्रिय सदस्य के रूप में काम कर रहे थे। पुलिस ने अवैध गांजे के साथ-साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दोनों लग्जरी गाड़ियों को भी जब्त कर लिया है और तस्करों को कस्टडी में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
नेपाल से मुजफ्फरपुर के रास्ते पटना पहुंचाई जा रही थी खेप
पूछताछ और शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि गांजे की यह खेप पड़ोसी देश नेपाल से लाई जा रही थी। तस्कर मुजफ्फरपुर के रास्ते से होकर इस खेप को पटना ले जा रहे थे, जहाँ इसे स्थानीय स्तर पर ऊंचे दामों पर खपाने की योजना थी। हालांकि, वैशाली पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के कारण तस्करों के इस बड़े मंसूबे पर पानी फिर गया।
पूछताछ में मिले कई अहम सुराग, नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
ग्रामीण एसपी ने बताया कि गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ के दौरान पुलिस को इस काले कारोबार में शामिल अन्य सहयोगियों और मुख्य आकाओं के संबंध में कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। इन सुरागों के आधार पर पुलिस की विशेष टीम आगे की छापेमारी और कार्रवाई कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध सामानों और मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए आगे भी ऐसा जांच अभियान जारी रहेगा।
रिषभ की रिपोर्ट