बिहार में गंडक का रौद्र रूप, खतरे के निशान से ऊपर पहुंचा पानी, नदी किनारे रहने वालों को सतर्क रहने की अपील

Bihar Gandak River: नेपाल स्थित बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद गंडक नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है।

Gandak River Rises Above Danger Mark Vaishali on High Alert
गंडक का रौद्र रूप- फोटो : reporter

Bihar Gandak River: नेपाल स्थित बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद गंडक नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। नदी के बढ़ते जलस्तर ने वैशाली जिला प्रशासन, केंद्रीय जल आयोग और जल संसाधन विभाग की पेशानी पर चिंता की लकीरें खींच दी हैं। लालगंज में गंडक का पानी खतरे के निशान से करीब 3 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया है और जलस्तर में लगभग आधा सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।

हालांकि प्रशासन का कहना है कि फिलहाल हालात काबू में हैं और तत्काल किसी बड़े खतरे की स्थिति नहीं है। बावजूद इसके संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए तटबंधों पर चौबीसों घंटे निगरानी शुरू कर दी गई है। संवेदनशील स्थानों पर जल संसाधन विभाग के अधिकारी और कर्मी लगातार मुस्तैद हैं। जल संसाधन विभाग के कनीय अभियंता राजीव कुमार और सहायक अभियंता जनार्दन सिंह विभागीय कर्मियों के साथ लगातार तटबंधों का निरीक्षण कर रहे हैं। टीम संवेदनशील इलाकों में पहुंचकर तटबंधों की मजबूती, नदी के बहाव और जलस्तर की स्थिति का जायजा ले रही है।संभावित बाढ़ की नौबत आने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके, इसके लिए जरूरी संसाधन और सुरक्षा उपकरण भी तैयार रखने की बात कही गई है। विभागीय अधिकारियों ने कर्मियों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए हैं।

खतरे के निशान के पार पहुंचा पानी

केंद्रीय जल आयोग के कर्मी प्रभात पांडे के अनुसार, लालगंज में गंडक नदी का जलस्तर खतरे के निशान से करीब 3 सेंटीमीटर ऊपर दर्ज किया गया है। नदी का पानी फिलहाल करीब 0.5 सेंटीमीटर प्रति घंटे की दर से बढ़ रहा है।जल आयोग की टीम लगातार जलस्तर की निगरानी कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, स्थिति में होने वाले किसी भी बदलाव का आकलन कर रिपोर्ट तैयार की जा रही है। प्रशासन की नजर नेपाल से छोड़े जा रहे पानी और उसके बाद नदी के जलस्तर में होने वाली संभावित वृद्धि पर भी बनी हुई है।

संवेदनशील तटबंधों पर खास नजर

संभावित बाढ़ को लेकर जल संसाधन विभाग ने संवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर वहां निगरानी बढ़ा दी है। सहायक अभियंता जनार्दन सिंह ने बताया कि विभाग ने जरूरी तैयारियां पूरी कर ली हैं। तटबंधों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी तरह की कमजोरी या कटाव दिखाई देने पर तत्काल मरम्मत और सुरक्षा कार्य शुरू किया जा सके।

नदी किनारे रहने वालों को सतर्क रहने की अपील

गंडक के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले ग्रामीणों से एहतियात बरतने की अपील की है। लोगों से कहा गया है कि वे अनावश्यक रूप से नदी के किनारे न जाएं, बच्चों को नदी के आसपास जाने से रोकें और मवेशियों को नदी या उसके किनारे चराने से बचें।प्रशासन ने यह भी अपील की है कि तटबंध या नदी के जलस्तर में किसी तरह की असामान्य स्थिति दिखाई दे तो तत्काल स्थानीय प्रशासन या जल संसाधन विभाग को इसकी सूचना दें।

ग्रामीण स्तर पर भी निगरानी

बसंता जहानाबाद पंचायत के मुखिया सह मुखिया संघ अध्यक्ष गणेश राय भी गंडक के बढ़ते जलस्तर को लेकर लगातार नजर बनाए हुए हैं। वह विभागीय अधिकारियों और कर्मियों के संपर्क में रहकर स्थिति की जानकारी ले रहे हैं और ग्रामीणों को भी सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं।फिलहाल गंडक का जलस्तर बढ़ रहा है, लेकिन प्रशासन के मुताबिक स्थिति नियंत्रण में है। हालांकि पानी के लगातार बढ़ते तेवर को देखते हुए प्रशासन ने किसी तरह की ढिलाई नहीं बरतने का फैसला किया है। तटबंधों पर निगरानी, जलस्तर की लगातार माप और संवेदनशील इलाकों में अधिकारियों की सक्रियता से संभावित बाढ़ के खतरे पर नजर रखी जा रही है।

रिपोर्ट- ऋषभ कुमार