वैशाली में ऑपरेशन नीलकंठ के तहत गुवाहाटी-अगरतला रूट के सॉल्वर और गांजा तस्कर गैंग का पर्दाफाश, 22.7 किलो गांजे के साथ 6 तस्कर गिरफ्तार

वैशाली पुलिस ने हाजीपुर में 'ऑपरेशन नीलकंठ' के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए हाजीपुर रेलवे स्टेशन के बाहर से 22.724 किलोग्राम गांजे के साथ 6 अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह जानकारी एसपी शुभांक मिश्रा ने दी है...

वैशाली में ऑपरेशन नीलकंठ के तहत गुवाहाटी-अगरतला रूट के सॉल्व
वैशाली पुलिस ने अंतरराज्यीय तस्कर गिरोह के 6 सदस्यों को दबोचा- फोटो : रिषभ कुमार

vaishali : वैशाली पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष 'ऑपरेशन नीलकंठ' के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक (SP) शुभांक मिश्रा के निर्देश पर और सदर एसडीपीओ-1 सुबोध कुमार के नेतृत्व में नगर थाना पुलिस ने हाजीपुर रेलवे स्टेशन के बाहर से आधा दर्जन (06) अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने तस्करों के पास से कुल 22.724 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। इस बड़ी कामयाबी की जानकारी खुद एसपी शुभांक मिश्रा ने नगर थाने में मीडिया को दी।


ट्रेन के बाथरूम में छिपाकर लाते थे खेप, मंगलवार को उतरते ही दबोचे गए

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस अंतरराज्यीय गिरोह का तस्करी करने का तरीका बेहद शातिराना था। गिरोह के सदस्य हर शुक्रवार को बिहार से ट्रेन पकड़कर असम के गुवाहाटी होते हुए अगरतला (त्रिपुरा) जाते थे। वहां से गांजे की बड़ी खेप लेकर वे मंगलवार को वापसी की ट्रेन पकड़ते थे। पुलिस की नजरों से बचने के लिए तस्कर गांजे के पैकेटों को ट्रेन के टॉयलेट (बाथरूम) में छिपाकर रखते थे। मंगलवार को जैसे ही ये सभी तस्कर हाजीपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतरे और बैग लेकर स्टेशन परिसर से बाहर निकले, पहले से जाल बिछाकर बैठी पुलिस टीम ने इन्हें चारों तरफ से घेरकर दबोच लिया।


बिदुपुर और राघोपुर के युवकों ने बनाया था नेटवर्क, छापेमारी दल ने किया विफल

एसपी शुभांक मिश्रा ने बताया कि नगर थाना पुलिस को पुख्ता गुप्त सूचना मिली थी कि बिदुपुर और राघोपुर थाना क्षेत्र के कुछ युवक नियमित रूप से त्रिपुरा और असम से ट्रेन के जरिए गांजे की खेप लाकर वैशाली व आसपास के जिलों में सप्लाई कर रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीपीओ सुबोध कुमार के नेतृत्व में दंडाधिकारी और नगर थाना प्रभारी को शामिल कर एक संयुक्त छापेमारी दल का गठन किया गया था। वैशाली पुलिस की इस त्वरित सतर्कता के कारण तस्करों की यह पूरी सप्लाई चेन समय रहते ध्वस्त हो गई। पूछताछ में पता चला है कि इस गांजे को वैशाली जिले के कई चयनित डीलरों को ऊंचे दामों पर बेचा जाना था।


गिरफ्तार आरोपियों के नाम और पते:

पुलिस की इस कार्रवाई में पकड़े गए सभी 6 आरोपी वैशाली और पटना जिले के रहने वाले हैं, जिनकी सूची इस प्रकार है:

  1. जयनाथ राय, पिता- स्व. रामेश्वर राय, निवासी- गोखुलपुर, थाना- बिदुपुर, जिला- वैशाली
  2. सतीश कुमार, पिता- मुनीलाल राय, निवासी- मीनापुर, थाना- राघोपुर, जिला- वैशाली
  3. पप्पू कुमार, पिता- रविन्द्र राय, निवासी- रामपुर, थाना- राघोपुर, जिला- वैशाली
  4. सुनील कुमार, पिता- स्वर्गीय मौजीलाल राय, निवासी- गाधोचक फतुहा, थाना- नदी, जिला- पटना
  5. पंकज कुमार, पिता- बिन्देश्वर राय, निवासी- रूस्तमपुर, थाना- रूस्तमपुर, जिला- वैशाली
  6. मनीष कुमार, पिता- बिक्रम राय, निवासी- रूस्तमपुर, थाना- रूस्तमपुर, जिला- वैशाली


नगर थाने में केस दर्ज; पूरे सिंडिकेट को खंगालने में जुटी पुलिस

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस संबंध में नगर थाने में स्वापक औषधि और मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तार किए गए सभी तस्करों से सघन पूछताछ पूरी होने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा रहा है। पुलिस अब इन सभी आरोपियों का पुराना आपराधिक इतिहास (Criminal History) खंगाल रही है, साथ ही असम और त्रिपुरा में बैठे इनके मुख्य सप्लायरों और स्थानीय स्तर पर गांजा खरीदने वाले सिंडिकेट के अन्य सदस्यों की पहचान के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।


रिषभ की रिपोर्ट